हरियाणा सरकार ने पानीपत जिले की इसराना विधानसभा क्षेत्र को नव वर्ष पर एक तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मतलौडा गांव को नगर पालिका बनाने की घोषणा की है। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। मतलौडा गांव विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का पैतृक गांव है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा पंचायत मंत्री के जन्मदिन के अवसर पर की। मतलौडा ग्राम पंचायत को नगर पालिका बनाए जाने पर क्षेत्रवासियों और विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। इस घोषणा पर कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि नव वर्ष और उनके जन्मदिन पर मुख्यमंत्री द्वारा यह उनके क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने बताया कि मतलौडा की लंबे समय से चली आ रही नगर पालिका की मांग अब पूरी हो गई है। शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा- मंत्री मंत्री पंवार ने आगे कहा कि मतलौडा को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीटलाइट, पार्कों का विकास, बाजारों का संरक्षण और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है। पंवार ने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाया कि नगर पालिका बनने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
पानीपत की मतलौडा ग्राम पंचायत बनी नगर पालिका:CM सैनी ने पंचायत मंत्री को दिया तोहफा, पंवार बोले-शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा
