झज्जर में रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या:क्रिकेट विवाद कराया शांत, युवकों ने घेरकर लाठी-डंडों से पीटा, बचाव में आया युवक घायल

Spread the love

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर के सेक्टर 7 के गोकुल धाम क्षेत्र में शनिवार देर शाम मामूली क्रिकेट को लेकर हो रहे विवाद की रंजिश में एक युवक की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान बचाव करने आया एक युवक घायल हो गया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय आदर्श पुत्र धर्मेंद्र, निवासी ब्रह्मपुरी सीतामढ़ी (नेपाल) के रूप में हुई, जो रंजीत कॉलोनी, बादली रोड, बहादुरगढ़ में रहता था। मृतक युवक आदर्श कैटरिंग का काम करता था। बताया गया कि 26 दिसंबर को सेक्टर-7 गोकुल धाम के पास एक खाली मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद लगने को लेकर बच्चों और वहां बैठे कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आदर्श ने मौके पर पहुंचकर बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश की थी। लाठी- डंडों से पीटकर युवक की हत्या आरोप है कि इसी बात को लेकर दीपांशु, पांडे, रूद्र, राहुल निवासी मांडोठी, शिवम सहित अन्य युवकों ने आदर्श से झगड़ा किया और उससे रंजिश रख ली। शनिवार देर शाम करीब 7 बजे गोकुल धाम नहर के पास कुछ युवकों ने आदर्श को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। बीच-बचाव में आए अफजल पुत्र फिरोज, निवासी मोहन नगर, बहादुरगढ़ के सिर में भी गंभीर चोटें आईं हैं। एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल घटना के बाद आदर्श को तुरंत सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अफजल की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।