फरीदाबाद में जीजा ने किया साले का मर्डर:दोनों में कहासुनी, फावड़े​​​​​​​ से सिर पर वार किया, पत्नी से अवैध संबंध का शक

Spread the love

फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सरूरपुर स्थित रामनगर कॉलोनी में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार (साले का साला) की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। वारदात की वजह पत्नी से अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान शंभू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला है। वह पिछले करीब पांच साल से अपने परिवार के साथ रामनगर कॉलोनी में रह रहा था। उसके साथ उसका रिश्तेदार विकास भी उसी मकान में रहता था। अवैध संबंध का शक बना वजह विकास, शंभू के साले का साला था। उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी गांव में ही रहती थी। इसी बीच शंभू को शक हो गया कि विकास और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध हैं। इस शक को लेकर शंभू का अपनी पत्नी से कई बार झगड़ा भी हो चुका था। कहासुनी बनी खूनी झगड़ा पड़ोसियों के मुताबिक, सोमवार की तड़के इसी बात को लेकर शंभू और विकास के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर शंभू ने पास में रखा फावड़ा उठाया और विकास के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद विकास के सिर से काफी खून बहने लगा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शंभू मौके से फरार हो गया। पुलिस बोली- जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी कैलाश खटाना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।