गुरुग्राम जिले के सोहना के वार्ड 19 खटीक वाड़ा क्षेत्र में एक हिंदू युवती और एक मुस्लिम युवती के समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर युवतियों के परिजनों ने पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवतियां मूल रूप से दिल्ली की निवासी हैं और पिछले कुछ समय से सोहना के इसी वार्ड में रह रही थीं। पुलिस टीम के साथ परिजन उस स्थान पर पहुंचे जहां एक युवती अपनी बहन के घर रह रही थी। पुलिस और परिजनों के पहुंचने की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल बन गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से अपनी बेटी की तलाश कर रहे थे। वहीं, दोनों युवतियों ने पुलिस के सामने बयान दिया कि वे लंबे समय से एक-दूसरे की सहेलियां हैं और अब साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने एक मंदिर में विवाह कर लिया है। युवतियों ने प्रशासन और सरकार से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने परिजनों से जान का खतरा है और सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद युवतियों के बयान दर्ज किए। चूंकि दोनों युवतियां बालिग हैं, पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें जाने दिया। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोहना में हिंदू-मुस्लिम युवतियों ने किया समलैंगिक विवाह:परिजनों के पहुंचने पर हुआ हंगामा, दोनों ने सरकार से मांगी सुरक्षा, बोलीं-साथ रहना चाहती हैं
