सोनीपत में एक पशु चारा व्यापारी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। गांव खंदराई निवासी तूड़ा व्यापारी अशोक के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गांव खंदराई के रहने वाले नानक ने बताया कि उसका बेटा अशोक मंगलवार सुबह 7 बजे बाइक पर जींद की ओर तूड़ा देखने के लिए निकला था। जिसके बाद अशोक ने पड़ोसी युवक को फोन किया और बताया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पिता नानक का कहना है कि उसके बेटे ने पड़ोसी युवक नवीन से कहा था कि मुझे इन लोगों से छुड़ा लो। इसके बाद उसका फोन अचानक बंद हो गया। नहर किनारे मिली बाइक और जैकेट परिजनों का कहना है कि जींद रोड पर नूरनखेड़ा गांव के पास नहर के नजदीक अशोक द्वारा बताई गई लोकेशन पर जब पुलिस और परिजन पहुंचे तो अशोक की बाइक और जैकेट पड़ी हुई मिली। जबकि मौके पर अशोक का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। परिजनों को अपहरण की आशंका परिजनों ने आशंका जताई है कि अशोक का अपहरण किया गया है। उनका कहना है कि अशोक तूड़े का व्यापार करता है और ट्रैक्टर-ट्रॉली से तूड़ा खरीदकर दिल्ली में बेचने का काम करता है। इस तरह अचानक उसका लापता होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों की जांच की जा रही है और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पिता ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश भी नहीं है। उनके बेटे की उम्र 35 साल है और शादीशुदा है। उसकी दो लड़की और एक लड़का है। पुलिस ने अशोक के पिता नानक और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। परिजनों ने पुलिस से अशोक को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव खंदराई और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है।
नवीन ने डायल 112 पर काल करके पुलिस को सूचना दी। पिता नानक ने आरोप लगाया कि उसके बेटे के साथ मारपीट कर अपहरण किया गया है। एसीपी राहुल देव और बरोदा थाना के अंतर्गत बुटाना चौकी से पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पिता की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया। पुलिस कॉल डिटेल व अन्य सुरागों के आधार पर अशोक की तलाश कर रही है।
सोनीपत में तूड़ा व्यापारी का अपहरण:पड़ोसी युवक को कॉल करके पीछा करने की बात कही; नहर किनारे मिली बाइक-जैकेट
