ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी का भंडाफोड़, 6 आरोपित गिरफ्तार

online-gaming-racket-busted-in-hariharpur,-6-arres
Spread the love

इस संबंध में गुरुवार को हरिहरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर तोपचांची अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान हरिहरपुर कोरकोट्टा के छह व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे मिलकर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध कमाई करते थे और अन्य लोगों को भी प्रलोभन देकर इस अवैध गतिविधि में शामिल करते थे।

आरोपितों ने बताया कि गेमिंग से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों में जमा किया जाता था और सभी के बीच पूर्व निर्धारित प्रतिशत के अनुसार लाभ बांटा जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह रजिस्टर बरामद किए हैं, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग से प्राप्त धनराशि का विस्तृत लेखा-जोखा दर्ज था। साथ ही इस दौरान आठ मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में मनोज कुमार माथुरी, भरत यादव, सुरज यादव, राजू पांडेय, ऋषि कुमार और धीरज कुमार सिंह का नाम शामिल है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।