पुरंगा कोल ब्लॉक की जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग तेज, छह नवम्बर को धरना प्रदर्शन

Spread the love

ग्राम पंचायत तेंदुमुड़ी, पुरुंगा और साम्हरसिंघा के ग्रामीणों ने बुधवार को बताया क‍ि प्रशासन को पत्र भेजकर 6 नवंबर को धरमजयगढ़ में विरोध रैली और धरना प्रदर्शन करने की सूचना दी है। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया है कि प्रस्तावित कोल ब्लॉक से तीनों ग्राम पंचायतें प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होगी। यह क्षेत्र पांचवी अनुसूची के अंतर्गत आता है तथा छत्तीसगढ़ पेसा कानून 2022 यहां लागू है।

पेसा कानून के तहत तीनों ग्राम पंचायतों में 18 और 19 अक्टूबर 2025 को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर प्रशासन द्वारा तय की गई 11 नवंबर की जनसुनवाई को निरस्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने 22 अक्टूबर को पर्यावरण विभाग और कलेक्टर रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर जनसुनवाई निरस्त करने की मांग की थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को भी मौन रैली निकालकर वनमंडलाधिकारी, जनपद पंचायत और अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।