इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने चाइना ओपन का खिताब जीता

Spread the love

24 साल के सिनर अब तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने चाइना ओपन का खिताब एक से अधिक बार जीता है। उनसे पहले नोवाक जोकोविच ने छह और राफेल नडाल ने दो खिताब जीते हैं। बीजिंग के सेंटर डायमंड कोर्ट पर उनकी एकमात्र हार उनके बड़े प्रतिद्वंदी कार्लोस अल्काराज के हाथों हुई थी। अल्काराज ने पिछले साल चाइना ओपन का फाइनल तीन सेट में जीता था।

सिनर ने पहले सेट में टिएन को तुरंत ब्रेक करते हुए मैच पर कब्जा जमा लिया। दूसरे सेट के दूसरे गेम में टिएन को ब्रेक लेने का एक मौका मिला, लेकिन सिनर ने तुरंत नियंत्रण वापस ले लिया। 1 घंटे 12 मिनट चले इस फाइनल में सिनर ने 10 एसेस मारे और मैच को सहज तरीके से समाप्त किया। टिएन अगर जीत जाते तो बीजिंग के इतिहास में सबसे कम रैंक वाले चैंपियन बन जाते और 19 साल 9 महीने की उम्र में एंडी रॉडिक के बाद सबसे युवा अमेरिकी टूर चैंपियन बनते।

सिनर की बीजिंग जीत इस सत्र में उनका तीसरा खिताब। इसके पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन और विम्बलडन जीत रखे हैं। अल्काराज के शंघाई मास्टर्स से बाहर होने के बाद सिनर के पास वर्ष के अंत से पहले पुरुषों की रैंकिंग में टॉप नंबर एक पर वापस लौटने का मौका है। सिनर इस हफ्ते शुरू हुए शंघाई ओपन में टॉप सीड होंगे।