वाराणसी, 18 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने बड़ी पहल की है। गुरूवार को पर्यटन मंत्रालय की ओर से नगर के होटल व्यवसाय एवं होमस्टे मालिकों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।इसमें प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र, वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी भी शामिल हुए।
प्रशिक्षण सत्र में आयुष मंत्री ने कहा कि काशी मोक्ष, अध्यात्म, पौराणिक, ऐतिहासिक, ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत की नगरी है। यहां के लोग ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से ओत प्रोत होते हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के कंधों पर ज़िम्मेदारी है कि वे काशी आने वाले पर्यटकों के साथ सम्मानपूर्वक उत्तम व्यवहार करें, ताकि वे दुबारा काशी आने पर आपके पास लौटकर आयें। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद पर्यटन के लिए कल्पनाओं से परे लोग काशी आ रहे हैं। सरकार ने चौड़ी सड़कों का निर्माण, पुल, अस्पताल, फ्लाइओवर, नए घाटों का निर्माण, रोपवे, अंतर्देशीय जल परिवहन, वंदे भारत जैसी ट्रेन और एयरपोर्ट का विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं और वाराणसी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है। इससे पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
प्रदेश के पूर्व मंत्री व विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए होटल और होमस्टे मालिक वैश्विक आतिथ्य श्रृंखलाओं और ऑनलाइन ट्रैवल कम्पनियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने काशी और सारनाथ की समृद्ध कहानियों के बारे में जागरूक होने के महत्व के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य और ग्राहक संबंधों में मानकों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले अनेक तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के समग्र पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटकों की समीक्षाओं का विश्लेषण करके आवास अनुभव में प्रमुख कमियों की पहचान करने के लिए प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एग्रीगेटर्स के साथ काम किया। पहचानी गई कमियों के आधार पर, इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट लखनऊ द्वारा ताज, रेडिसन, हिल्टन और द क्लार्क्स जैसे प्रमुख आतिथ्य समूहों के सहयोग से एक पाठ्यक्रम मॉड्यूल तैयार किया गया। इस प्रशिक्षण में कमरे के मानक, बुनियादी सुविधाएँ, अतिथि संबंध, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। इसके बाद, मालिकों को डिजिटल उपकरणों के माध्यम से अपनी पहुँच बढ़ाने में सक्षम बनाने के लिए, मेकमाईट्रिप टीम ने दर्शकों को ऑनलाइन लिस्टिंग, सुंदर चित्र अपलोड करने, सुविधाओं की जानकारी प्रदान करने, ऑनलाइन समीक्षाओं के प्रबंधन आदि से सम्बंधित सर्वोत्तम प्रथाओं पर प्रशिक्षित किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन और जिला प्रशासन के सहयोग से ताज, रेडिसन, हिल्टन, द क्लार्क्स जैसी प्रमुख आतिथ्य श्रृंखलाओं और मेक माईट्रिप, एयर बीएनबी और अगोडा जैसी ऑनलाइन कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने लगभग 500 होटल और होमस्टे मालिकों के लिए समर्पित प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया।
