पलवल जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक मृतक की शिनाख्त के लिए काफी कोशिश की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ। पहचान न होने के कारण शव को 72 घंटों के लिए नागरिक अस्पताल पलवल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आरोपी वाहन ड्राइरों की तलाश शुरू कर दी है। महिला को ट्रक ने रौंदा पहली घटना में, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी राजेश ने गदपुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी रानी अपनी-अपनी कंपनियों से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान ततारपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने रानी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। राजेश के अनुसार, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने रानी को मृत घोषित कर दिया। बाइक और स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत दूसरी दुर्घटना हाथरस, उत्तर प्रदेश निवासी नवाब सिंह के बेटे रोहित के साथ हुई। नवाब सिंह ने बताया कि उनका बेटा रोहित गुरुग्राम में पेंट का काम करता था और अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। किठवाड़ी पुल के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उसे सीधी टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, और उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। तीसरे मृत की नहीं हुई पहचान तीसरी घटना नेशनल हाईवे-19 पर हुई। गुदराना गांव निवासी हरकेश ने शिकायत में बताया कि वह पलवल से अपने गांव जा रहे थे। मितरोल पुल के पास एक निजी कंपनी के पास सर्विस रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी थी। मृतक अक्सर इसी सड़क पर घूमता देखा जाता था और उसकी मानसिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पलवल में सड़क हादसों में महिला समेत 3 की मौत:घर लौटते वक्त ट्रक ने मारी टक्कर, आपस में भिड़ी बाइक-स्कूटी
