गुना में निहाल देवी मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी:ट्रॉली में बैठे थे 25 लोग, पांच घायल; मन्नत पूरी होने पर दर्शन करने जा रहे थे

Spread the love

गुना के सिरसी इलाके में शनिवार को दोपहर 12 बजे निहाल देवी मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा पुतली घाटी के पास अंधे मोड़ पर हुआ, जब सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान ट्रॉली संतुलन खो बैठी और पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 25 से ज्यादा लोग सवार थे, जो निर्भयगढ़ गांव से निहाल देवी मंदिर पूजा और भंडारे के लिए जा रहे थे। बताया गया कि एक परिवार ने मन्नत मांगी थी, जिसके पूरा होने पर सभी लोग पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुए थे। हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार ट्रॉली पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में एक ही परिवार के शियूकर बाई (40), ज्योति बाई (24), राहुल (23), कविता (8) और भूरी (5) घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शुरू की जांच, कारण अंधा मोड़ बताया गया सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा अंधे मोड़ पर बाइक बचाने के प्रयास में हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।