लखीमपुर में अंबेडकर मूर्ति टूटने पर बवाल:भीड़ ने महिला को पीटा; पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़, आग लगाई

Spread the love

लखीमपुर खीरी जिले में अंबेडकर जयंती पर मंगलवार शाम बवाल हो गया। ग्रामीणों ने बिना परमीशन डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दी, जिसका एक महिला ने विरोध किया। पुलिस ने मूर्ति हटवाने का प्रयास किया तो लोग भड़क गए। धक्का-मुक्की और छीना-झपटी में मूर्ति टूट गई। इस पर भीड़ ने मूर्ति हटवाने वाली महिला को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने महिला को भीड़ से निकालकर उसकी जान बचाई। इसके बाद लोगों ने रोड जाम कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया तो लोग भड़क उठे। पुलिस पर पथराव कर दिया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की। गाड़ियों को बीच सड़क पलट दिया। सीओ, नायब तहसीलदार और चौकी इंचार्ज संसारपुर की गाड़ियों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची। करीब 5 घंटे के बाद हालात को काबू में किया गया है। मामला गोला गोकर्ण थाना क्षेत्र का है। पहले 6 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए… गांव के लोगों ने मूर्ति स्थापित की थी, छीना-झपटी में टूटी
गोला गोकर्ण थाना क्षेत्र के बांकेगंज में मोतीपुर गांव है। इस गांव में दलित वर्ग के गौतम और भार्गव समाज के लोग रहते हैं। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती पर मंगलवार को गांव में भंडारा चल रहा था। यह आयोजन गौतम समाज ने किया था, जो भीम आर्मी को सपोर्ट करता है। यहां कई सालों से खाली पड़ी बौद्ध विहार की भूमि पर डॉक्टर अंबेडकर की मूर्ति स्थापित की जानी थी। ग्राम प्रधान वीरेंद्र गौतम भी मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे प्रधान वीरेंद्र गौतम कार्यक्रम से चले गए। उनके जाने के बाद मूर्ति गांव वालों ने स्थापित कर दी। मूर्ति स्थापना के बाद गांव के लोग रैली में चले गए। मौके पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम 4 बजे बांकेगंज की रहने वाली भार्गव समाज की चंदा देवी पुलिस को लेकर आईं। उन्होंने बिना परमिशन मूर्ति स्थापना का विरोध किया। यह देखकर पहले से मौजूद महिलाएं भी विरोध में आ गईं। पुलिस ने मूर्ति हटवाना चाहा, इसी बीच छीना-झपटी शुरू हो गई और मूर्ति टूट गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मूर्ति को बचाने के प्रयास में पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। गुस्साए ग्रामीणों ने महिला को पीटा आरोप है कि मूर्ति टूटने और लाठीचार्ज की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बांकेगंज चौकी इंचार्ज संतोष तिवारी और चंदा देवी के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने चंदा देवी की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने घेरा बनाकर चंदा को बड़ी मुश्किल से बचाया। भीड़ ने कई गाड़ियों में आग लगाई भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, संसारपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। फिर उनमें आग लगा दी। सड़क पर खड़ी पास के ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 3 के प्रधान के बेटे सुखवीर सिंह की बोलेरो में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस को हालात संभालने में करीब 5 घंटे लग गए। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के पास मूर्ति स्थापित करने की कोई अनुमति नहीं थी। इसे जबरन विवादित जगह पर रखा गया था। ग्राम प्रधान, राजस्व विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने मीटिंग की है। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। डीएम और एसपी मौके पर
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ ख्याति गर्ग, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम, अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर हैं। क्षेत्र में अब शांति है। माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। ASP अमित कुमार बोले- मौके पर शांति व्यवस्था है
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय ने कहा- आज बाकेगंज में अंबेडकर जयंती पर एक कार्यक्रम आयोजित होना था। बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण होना था। इस बीच कुछ लोगों ने मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने पुलिस से झड़प कर पत्थरबाजी की। पुलिस ने तुरंत लोगों को समझाया और उपद्रवियों को खदेड़ा गया। मौजूदा समय में मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। ———— यह 2 खबरें भी पढ़िए- 1- कासगंज में पथराव, पुलिसकर्मी समेत 3 घायल, 8 हिरासत में कासगंज में अंबेडकर जयंती पर विवाद के बाद दो गुटों ने पथराव कर दिया। इससे एक पुलिसकर्मी सहित 3 लोग चोटिल हो गए। घटना के बाद गांव में 3 थानों की पुलिस तैनात है। गांव में यादव और जाटव समाज के लोग रहते हैं। मंगलवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर गांव में रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान रैली के रास्ते को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान यादव समाज के द्वारा रास्ता रोके जाने का आरोप है। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। जिससे सिपाही अश्वनी मालिक के सिर में पत्थर लगने से चोटिल हो गए। पुलिस ने एक महिला सहित 8 लोग हिरासत में लिया है। मामला सहावर थाना क्षेत्र के चेका गुनार गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… 2- नोएडा में दूसरे दिन भी बवाल, पुलिस से झड़प, पथराव; 15 कंपनियों की फोर्स, 26 पुलिस अफसर भेजे नोएडा, यानी गौतमबुद्ध नगर में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारी मंगलवार को भी सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो झड़प हो गई। भीड़ ने 2–3 जगहों पर पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। हालांकि पुलिस ने थोड़ी देर में ही हालात पर काबू पा लिया। प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…