कैथल में गुहला विधायक देवेंद्र हंस का वीडियो वायरल:कहा-गुहला में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार मिला तो वहीं सीएम का पुतला फूंकेंगे

Spread the love

कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने कहा है कि अब हलके में सड़कों के निर्माण में जहां पर भी भ्रष्टाचार मिलेगा, वे वहीं सड़क पर जाकर संबंधित गांव के लोगों के साथ मिलकर सीएम का पुतला दहन करेंगे। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी की है। पोस्ट में विधायक साफ कह रहे हैं कि अगर कहीं पर भी भ्रष्टाचार दिखता है तो उसका विरोध किया जाएगा और किसी सड़क के निर्माण में अनियमित बरती गई तो उस सड़क पर जाकर सीएम व अधिकारियों का पुतला दहन करेंगे। कहा- भ्रष्टाचार सहन नहीं होगा बता दें कि विधायक गांव भागल में बन रही एक सड़क पर पहुंचे थे। उन्होंने गांव के लोगों के साथ सड़क को देखा तो पाया कि सड़क बनाई तो गई है, लेकिन इसका मटेरियल पूरी तरह से जमा हुआ नहीं था। इस पर विधायक ने कहा कि गुहला क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती जा रही है। इसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। सड़कों की शुरुआत में ही भ्रष्टाचार की झलक वीडियो के संबंध में जब विधायक देवेंद्र हंस से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले करीब 1 साल से जितनी भी सड़क बनाई जा रही हैं, उनकी शुरुआत में ही भ्रष्टाचार की झलक देखने को मिल रही है। किसी भी सड़क को शुरू में ठीक नहीं बनाया गया। जब कोई न कोई विवाद खड़ा होता है, तब जाकर सड़कों को ठीक किया जाता है। विधायक ने कहा कि ऐसा एक मामला नहीं बल्कि कई मामले सामने आ चुके हैं। अब वे चुप नहीं बैठेंगे। इसके विरोध में जनता के साथ प्रदर्शन करेंगे और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सरकार से मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उनको समस्याओं का समाधान करने के लिए चुना है और वे समस्याओं का समाधान करवाने में कभी पीछे नहीं हटेंगे।