आगरा में सोमवार की शाम हादसे में एक युवक की मौत पर बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद हाईवे को जाम कर दिया। सूचना पर 5 थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर जाम हटवाने की कोशिश की। लेकिन, भीड़ भड़क गई और पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे मोबाइल वैन का पिछला शीशा टूट गया। एक दरोगा पर हमला कर उसकी वर्दी भी फाड़ दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार थार ने बाइक और स्कूटी सवार लोगों को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी ससुराल से लौट रहा था। 4 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे में स्कूटी सवार तीन लोग घायल हो गए। भीड़ ने युवक को कुचलने वाली थार में तोड़फोड़ की। पुलिसवालों को करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ाया। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। मौके पर फोर्स तैनात की गई है। अधिकारियों ने मोर्चा संभाला है। पथराव और हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला आगरा के न्यू आगरा कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर खास गांव निवासी मनीष (23) की फिरोजाबाद में गढ़ी तिवारी गांव में ससुराल है। 4 महीने पहले मनीष की आरती के साथ शादी हुई थी। सोमवार की दोपहर वह अपने गांव लौट रहा था। लेकिन फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पूठपुरा के पास शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार थार ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मनीष और स्कूटी सवार तीन अन्य युवक चपेट में आ गए। हादसे में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार सुभाष निवासी पूठपुरा, विवेक निवासी डरुआ नगला और कालू निवासी बरना गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक मनीष दम तोड़ चुके थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सड़क पर उतरे ग्रामीण, मंत्री ने पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिया
हादसे पर गुस्साए ग्रामीणों ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग को जाम कर दिया। इसी दौरान एक कार्यक्रम में जा रहे मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि लोग मानने को तैयार नहीं थे। आक्रोशित लोगों ने थार गाड़ी में तोड़फोड़ की। 5 थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। करीब 2 घंटे तक हंगामा चलता रहा। डीसीपी बोले- कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ, क्षेत्र में अब शांति
डीसीपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया- हादसे की जानकारी पर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची थी। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने शव को रोड पर रख दिया। तभी कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस के साथ नोकझोंक शुरू कर दी। हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। उन्होंने बताया कि जिस युवक का एक्सीडेंट हुआ है, उनके परिजन यहां पर थाने में आए हुए हैं। मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रैक्टर और थार पुलिस के कब्जे में हैं। उनके जो डॉक्यूमेंट्स हैं, वो गाड़ी में मिले हैं। उस आधार पर गाड़ी चालक को आइडेंटिफाई किया जा रहा है। अभी किसी पुलिसकर्मी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। हम मौके पर आए हुए हैं। अगर ऐसी कोई भी अपडेट होगी तो बताया जाएगा। मौके पर अब शांति है। ———————- पढ़ें ये भी जरूरी खबर… चाइनीज मांझे से मंत्री के भतीजे की गर्दन कटी:बरेली में स्कूटी से जा रहा था, मंत्री दौरा छोड़कर अस्पताल पहुंचे; हालत गंभीर बरेली में चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री के 15 साल के भतीजे की गर्दन कट गई। वह स्कूटी से घर जा रहा था। फ्लाईओवर पर अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन से लिपट गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक गर्दन का काफी हिस्सा कट गया। पढ़ें पूरी खबर…
युवक की मौत पर बवाल, दरोगा की वर्दी फाड़ी:आगरा में पथराव कर पुलिस की गाड़ी तोड़ी, आधा किमी दौड़ाया
