गाजियाबाद में शादी टूटने पर 2 बहनों को गोली मारी:पड़ोस के घर से खिड़की का शीशा तोड़कर घुसा, ताबड़तोड़ फायर किए

Spread the love

गाजियाबाद में शादी टूटने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर 2 सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, वारदात के बाद कार से थाने जाते समय आरोपी ने खुद का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसमें उसने लड़की और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायलों की पहचान खुशी (20) और उसकी बहन निधि (18) के रूप में हुई। वारदात खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुई। 2 तस्वीरें देखिए… अब घटनाक्रम विस्तार से… डेढ़ साल पहले तय हुआ था रिश्ता, 4 महीने पहले टूटा पड़ोसियों ने बताया- जॉनी और खुशी का रिश्ता करीब डेढ़ साल पहले तय हुआ था। लेकिन, जॉनी के चाल-चलन से नाराज होकर परिवारवालों ने करीब 4 महीने पहले रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच कोई संपर्क नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे जॉनी तमंचा लेकर घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। उसे देखकर दोनों बहनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद जॉनी ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा। फिर रास्ते में रखा फ्रिज हटाकर कमरे में घुसने की कोशिश की। इसके बाद उसने दोनों बहनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। खुशी को 4 गोलियां लगीं, बहन के चेहरे पर लगी गोली फायरिंग में खुशी को 4 गोलियां लगीं। इनमें 3 गोलियां पैर में और एक पेट में लगी है। वहीं, छोटी बहन निधि के मुंह पर गोली लगी। गोली लगते ही दोनों बहनें खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घर में चीख-पुकार मच गई। दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, एक की हालत नाजुक सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक, खुशी की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पड़ोसी बोले- आरोपी का एनकाउंटर हो पड़ोस में रहने वाली ज्योति ने बताया- जॉनी पहले पड़ोस के घर में घुसा, फिर ग्रिल कूदकर घायल युवती के घर में घुसा। इसके बाद तीन गोलियां चलने की आवाज आई। जॉनी गोली मारकर भाग। जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो देखा कि खुशी और निधि को गोली लगी है। एक युवती के पेट और पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरी युवती के मुंह पर गोली लगी है। घायल युवती के मां और पिता उन्हें दिल्ली के अस्पताल लेकर गए हैं। पड़ोसियों ने मांग की है कि जिस तरह आरोपी ने दो युवतियों को गोली मारी, उसी तरह उसका भी एनकाउंटर हो और उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। आरोपी जॉनी का कबूलनामा आरोपी जॉनी का एक वीडियो सामने आया है। वारदात के बाद जॉनी ने चलती गाड़ी में वीडियो बनाकर अपना कबूलनामा रिकॉर्ड किया। वीडियो में आरोपी जॉनी ने घटना को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा- “मेरा नाम जॉनी वाल्मीकि है। मैं बारादरी से हूँ। मेरा रिश्ता खोड़ा कॉलोनी, आदर्श नगर, वाल्मीकि चौक में रहने वाली खुशी से हुआ था। उसके पिता और मां ने मुझसे दो-दो लाख रुपए मांगे थे। इन लोगों ने मुझसे कोई पैसे नहीं लिए थे। मुझे घर बुला-बुलाकर दो-दो लाख रुपए की नई-नई गड्डी लेते थे। मैंने रैपिडो चला के, बुक करके मतलब…कड़ी मेहनत करके, खून-पसीने की से पैसे कमाए थे। मैंने उन्हें दिए। जब मैंने उनसे शादी करने को बोला, तो साहब मुझे उन्होंने कहा कि तुम्हारी उम्र 15 साल बड़ी है। हम तुमसे अपनी बेटी की शादी नहीं कर पाएंगे। तुम कहीं और रिश्ता देख लो। मेरा रिश्ता-पानी सब हो चुका था, रोकना-पोकना सब हो चुका था। मैंने कैसे-कैसे करके पैसे जोड़ रखे थे। रिश्ता किए दो साल हो गए थे। 20 मार्च 2024 में रिश्ता हुआ था और 14 मार्च 2026 में मेरा रिश्ता तोड़ दिया था उन्होंने। मैंने उनसे खूब बोला, पैसे देने को बोला। उन्होंने मेरी कोई सुनवाई नहीं करी साहब। तो मुझे गुस्सा आ गया और मेरे दिल, भावनाओं से खिलवाड़ किया। मेरे साथ खेला गया। तो इसलिए मैंने उन्हें गोली मार दी। मैं थाने में पेश होने जा रहा था। पुलिस वाले जो भी कहेंगे, मैं उनका समर्थन करता हूँ। मैं पुलिस वालों को मिलूँगा जरूर।” एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया- 16 जून को थाना खोड़ा क्षेत्र में एक युवती पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस मामले में आरोपी जॉनी पुत्र प्रेमचंद्र को थाना खोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि शादी का रिश्ता टूटने से वह नाराज था। इसी आवेश में आकर उसने इस घटना को अंजाम दिया। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। —————————– यह खबर भी पढ़ें राममंदिर चढ़ावा चोरी पर आज 2 FIR हो सकती हैं, DM-SSP के साथ SIT मंदिर पहुंची, कल 42 संदिग्ध से पूछताछ की थी अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में मंगलवार को दो अलग-अलग व्यक्तियों की शिकायत पर दो FIR दर्ज हो सकती हैं। इस मामले में अभी तक कोई भी FIR दर्ज नहीं हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर