नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर ग्रेटर नोएडा में पिता द्वारा इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ममता बनर्जी और स्टालिन संग फोटो शेयर करने और विपरीत परिस्थिति में साथ न छोड़ने के दावे को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- लखनऊ में 2 युवकों की सेप्टिक टैंक में मौत, एक की काफी देर तक आवाज नहीं आई तो दूसरा भी उतरा था लखनऊ में शुक्रवार को सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 2 मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नवीपनाह गांव में एक सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए मजदूर रिंकू टैंक में उतरा था। काफी देर तक कोई आवाज या हलचल नहीं हुई तो दूसरा मजदूर राजेश उसे देखने के लिए उतर गया। लेकिन उसकी भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर पुलिस बुलाई गई। अंदर दोनों अचेतावस्था में मिले। पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश ने ममता और स्टालिन के साथ फोटो शेयर की; बोले- हम मुश्किलों में साथ नहीं छोड़ते सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा- हम वो नहीं, जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें। उन्होंने ‘X’ पर पोस्ट में ममता बनर्जी और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं। मंत्री ओपी राजभर ने तंस कसा। कहा- वे ढांढस बंधाने गए थे कि आप तो सिर्फ एक बार हारी हैं, हम दो बार हारे हैं। मिलकर हारने की नई श्रृंखला बनाते हैं। पूरी खबर पढ़ें 3- पवन सिंह पर पत्नी ज्योति सिंह ने कसा तंज, बोलीं- दिल की तड़प तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने इशारों में पति पर तंज कसा है। ज्योति ने इंस्टाग्राम पर बैक टू बैक दो स्टेटस लगाए। पहले स्टेटस में लिखा कि ‘जरूरी नहीं कि औरत तुम्हें बद्दुआ दे, उसके दिल की तड़प ही तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी है।’ दूसरे स्टेटस में लिखा- मौत से बदतर कुछ है? स्त्री की हाय। दरअसल, कोर्ट में दोनों के तलाक का केस चल रहा। पूरी खबर पढ़ें 4- महिला सिपाही से सगाई टूटने पर सीएम योगी को धमकी; प्रयागराज पुलिस ने अरेस्ट किया महिला सिपाही से सगाई टूटने पर शाहजहांपुर के युवक ने सीएम योगी को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। मंगेतर के इंजीनियर भाई को फंसाने के लिए उसने वॉट्सएप और फेसबुक पर धमकी भरा पोस्ट किया। आरोपी ने धमकी के साथ सिपाही के भाई का नंबर टैग कर दिया। प्रयागराज पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कुबूल कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें 5- यूपी में एक हफ्ते से मौसम बिगड़ा; मऊ में ओले गिरे- आगरा और जालौन में तेज बारिश यूपी में 7 दिन से आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह जालौन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। दोपहर में आगरा में अचानक मौसम बदल गया। बिजली कड़कने लगी। आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। मऊ में बारिश के साथ ओले भी गिरे। हालांकि, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद आदि शहरों में धूप निकली। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- डिंपल बोलीं- काउंटिंग के लिए लाइव फुटेज मांगेंगे; चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा सांसद डिंपल यादव ने कहा- समाजवादी पार्टी यूपी में काउंटिंग के दिन लाइव फुटेज की मांग करेगी। सपा को चुनाव आयोग से कोई उम्मीद नहीं। आयोग पूरी तरह भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। काउंटिंग में एजेंट्स को बाहर कर चुनाव प्रभावित किया जाता है। उन्होंने चंडीगढ़ चुनाव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कैसे लाइव काउंटिंग के दौरान धांधली सामने आई थी। पूरी खबर पढ़ें 7- गोरखपुर में भाई-बहन सहित 3 की मौत, बोलेरो से बाहर लटका शव गोरखपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो बुरी तरह पिचक गई। एक बुजुर्ग का शव गाड़ी के बाहर लटक गया, जबकि भाई-बहन के शव अंदर फंस गए। नीलगाय को बचाने के प्रयास में बोलेरो डिवाइडर से टकरा गई। गाड़ी उछलते हुए दूसरे लेन में चली गई और रोड रोलर से जा भिड़ी। पूरी खबर पढ़ें 8- नोएडा में पिता ने इकलौते बेटे की हत्या की; पकड़ा गया तो खुद गले में चाकू मारे ग्रेटर नोएडा में पिता ने इकलौते 13 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। शव को सड़क किनारे तालाब में फेंक दिया। घर आकर झूठी कहानी गढ़ दी कि बेटा कहीं चला गया है। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ। पकड़े जाने पर पिता ने गले पर वार कर सुसाइड की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद में परिजन को फंसाने के लिए ऐसा किया। पूरी खबर पढ़ें 9- UP के 5 मेडिकल अफसर बर्खास्त, 16 अफसरों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश यूपी के 5 चिकित्साधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। 16 मेडिकल अफसरों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समीक्षा बैठक के दौरान ये आदेश दिए। डॉक्टर्स की बर्खास्तगी की कार्रवाई उनके बिना सूचना के लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने की वजह से की गई है। जबकि कुछ पर अनियमितता बरतने का आरोप है। पूरी खबर पढ़ें 10- पीलीभीत में महिलाओं ने तहसीलदार को पीटा, दरोगा का पैर तोड़ा पीलीभीत के बूंदीभूड़ गांव में शराब की दुकान खुलवाने पहुंचे प्रशासनिक अफसरों और पुलिस वालों को गुस्साई महिलाओं ने खदेड़ दिया। महिलाओं ने जमकर बवाल किया। पुलिसवालों से भिड़ गईं। तहसीलदार को लाठियों से पीटा और पुलिसवालों को भी दौड़ा लिया। इस दौरान एक दरोगा का पैर फ्रैक्चर हो गया तो तहसीलदार को चोट आई। हूटर बजाते हुए अफसर भाग खड़े हुए। पूरी खबर पढ़ें 11- ताजमहल के पत्थर आंधी-बारिश में टूटकर गिर रहे; दीवारों में दरारें आगरा में करीब 373 पुराना ताजमहल अब मौसम की मार बर्दाश्त नहीं कर पा रहा। आंधी-बारिश में इसके रॉयल गेट के पत्थर अब टूटकर गिरने लगे हैं। दरवाजे की दीवारों में कई जगह दरारें आ गई हैं। कुछ पत्थर अपनी जगह से खिसक चुके हैं। 2020 में रेलिंग गिरी थी। दरअसल, ये पत्थर मुगलकाल के हैं। पूर्व इंचार्ज बोले- अब ASI ठेकेदारों के भरोसे है, इसलिए यह बदहाली है। पूरी खबर पढ़ें 12- ग्रेटर नोएडा निर्माणाधीन हॉस्टल में 2 लाशें मिलीं, पुलिस बोली- सिर पर प्रहार कर मारा गया ग्रेटर नोएडा में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े थे। पुलिस के अनुसार, दोनों के सिर पर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि उन पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया है। दोनों मृतक मेरठ के रहने वाले हैं। हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पूरी खबर पढ़ें 13- गोंडा में मजदूरी करके पत्नी को ANM बनाया; नौकरी मिलने पर साथ रहने से किया इनकार गोंडा में एक व्यक्ति ने मजदूरी करके, अपनी भैंस और खेती की कमाई लगाकर पत्नी को एनएनएम (ANM) का कोर्स कराया। लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। पति के अनुसार, पत्नी की पढ़ाई में कई लाख रुपए खर्च किए। अब वह साथ रहने के लिए शर्त रख रही है। पत्नी के मायके वाले उससे 10 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- चोरी के बाद छोड़ा लेटर, लिखा- ब्याज सहित 1.17 लाख लौटा दूंगा सीतापुर में एक चोर दुकान में रखी खेती से जुड़ी मशीन चोरी करके ले गया। चोरी के बाद उसने लेटर लिखकर दुकानदार को धन्यवाद दिया। लिखा- 90 हजार की मशीन ले जा रहा हूं। आर्थिक तंगी और दोस्तों की वजह से परेशानी में आने के चलते मशीन ले जानी पड़ रही है, लेकिन तीन साल के भीतर ब्याज सहित 1 लाख 17 हजार रुपए लौटा दूंगा। भगवान आपको तरक्की दें। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- गर्मी बढ़ेगी, लू से राहत बरकरार रहेगी 9 मई से पूरे यूपी में गर्मी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सात दिनों से हो रही बारिश बंद होगी। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारा फिर से बढ़ने लगेगा। फिलहाल लू से राहत बरकरार रहेगी। तराई क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश और आंधी की आशंका बनी हुई है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:अखिलेश बोले- मुश्किलों में हम साथ नहीं छोड़ते; पिता ने इकलौते बेटे को मारकर फेंका; चोर ने थैंक्यू लिखकर लेटर छोड़ा
