ट्विशा के परिजन का सीएम हाउस पर प्रदर्शन:पिता बोले-आरोपी न्यायिक व्यवस्था का हिस्सा; रिटायर्ड जज की बहू ने 5 दिन पहले किया था सुसाइड

Spread the love

भोपाल में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की सुसाइड का मामला सीएम हाउस तक पहुंच गया है। ट्विशा के मायके वालों ने रविवार को यहां मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों से बात की। इसके बाद ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा- अधिकारियों ने माना कि जांच के लिए मध्य प्रदेश के बाहर की एजेंसी की जरूरत है। उन्होंने शव के दूसरे पोस्टमॉर्टम की जरूरत भी मानी है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि ज्यूडिशियरी स्वतंत्र है, इसमें वे कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। लेकिन प्रशासनिक तौर पर पूरी मदद करने का आश्वासन दिया है। ट्विशा के पिता ने कहा, ‘हमारी लड़ाई रेयरेस्ट ऑफ रेयर कंडिशन में है क्योंकि आरोपी न्यायिक व्यवस्था का ही हिस्सा हैं। हम शव का दिल्ली एम्स में दूसरा पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे।’ कहा- यहां न्याय मिलने की उम्मीद नहीं इससे पहले, रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा, मां रेखा, भाई मेजर हर्षित शर्मा, भाभी राशि, मामा-मामी, मुंहबोले भाई और कुछ दोस्त सीएम हाउस पहुंचे थे। मेन गेट पर खड़े होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने की गुहार लगाई। इस पर स्टाफ ने उन्हें समस्या लिखकर देने और उनकी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। लेकिन परिजन सीएम से मिलने की मांग पर अड़े रहे। नारेबाजी भी की। परिजन की मांग है कि ट्विशा के शव का दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्ट्म कराया जाए। भोपाल एम्स में उसके ससुराल पक्ष के सदस्य पोस्टेड हैं। ऐसे में उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। करीब 3 बजे ट्विशा के पिता और भाई को सीएम हाउस के अंदर बुलाया गया। यहां मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने उनसे बात की। ट्विशा ने 11-12 मई की रात किया था सुसाइड दरअसल, 11-12 मई की दरमियानी रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष ने उसकी सास रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की‎ वजह हैंगिंग बताई गई है। शरीर‎ पर कई चोटें भी मिली हैं। ‎ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार के लिए शव मांगा तो मायके वालों ने इससे इनकार कर दिया। देखें, तस्वीरें… सास को जमानत, पति की याचिका पर सुनवाई कल ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी दिसंबर 2025 में समर्थ से हुई थी। उसके सुसाइड के मामले में सास रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ 15 मई को एफआईआर दर्ज कर ली गई। सास को भोपाल कोर्ट से 24 घंटे के अंदर अग्रिम जमानत मिल गई। वहीं, समर्थ की जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई होगी। खबर के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…