तीन युवकों ने VIDEO बनाकर जहर निगला:कैथल में 4 लोगों पर आरोप लगाए; दोस्त के लड़की भगाने के बाद पूछताछ से परेशान थे

Spread the love

हरियाणा के कैथल में रविवार को तीन युवकों ने जहरीला पदार्थ निगलकर सुसाइड की कोशिश की। युवकों ने पदार्थ निगलने से पहले एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने 4 लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है। तीनों युवकों का एक दोस्त कुछ दिन पहले एक लड़की को भगाकर ले गया था। इसी मामले में लड़की का परिवार और पुलिस लगातार इन युवकों से पूछताछ कर रही थी। इसी बात से परेशान होकर इन्होंने सुसाइड करने की कोशिश की। फिलहाल पूंडरी पुलिस जांच कर रही है। 4 दिन पहले लड़की गायब हुई युवकों की पहचान मूंदड़ी गांव निवासी रोहित और मोहित व पिलनी निवासी गौरव के रूप में हुई है। तीनों मजदूरी करते हैं। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। वह लड़की जिस युवक के साथ घर से गई थी, वह इन तीनों युवकों का दोस्त है। लड़की के परिजनों को शक था कि लड़की भगाने में इन तीनों ने भी युवक की मदद की। इसी सिलसिले में पुलिस लगातार तीनों युवकों से पूछताछ कर रही थी। वीडियो बनाकर 4 लोगों के नाम लिए रविवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे रोहित, मोहित और गौरव ढांड क्षेत्र में चुहड़माजरा गांव के पास खेतों में पहुंच गए। यहां इन्होंने वीडियो बनाते हुए कहा, “देख लो, यहां हम तीनों हैं। तीनों हम जहर खाने जा रहे हैं। हम मर गए तो इसके जिम्मेदार चार लोग (युवकों ने इनके नाम भी बताए) होंगे। इस केस में हमारा कोई कसूर नहीं है। अब हमारी इज्जत पर बात आ गई है। हमसे ये देखा नहीं जा रहा। बदनामी के डर से जहर खा रहे हैं। हमने जो सच्चाई थी, वो बता दी। लड़की के परिवारवाले भी जिम्मेदार हैं। अब हम तीनों मर रहे हैं।” वीडियो वायरल होते ही पुलिस पहुंची युवकों ने इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही इसकी सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच गई। आधे घंटे के अंदर पूंडरी पुलिस टीम ने लोकेशन को ट्रैक किया और खेतों में पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत तीनों को कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। SHO बोले- दवा ज्यादा जहरीली नहीं थी पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि तीनों युवकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दवा बहुत ज्यादा जहरीली नहीं थी, जिसके कारण तीनों युवकों के शरीर पर इसका गंभीर असर नहीं हुआ और उनकी जान बच गई। फिलहाल तीनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। पुलिस जल्द ही तीनों युवकों के आधिकारिक बयान दर्ज करेगी और उनके बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।