हरियाणा के पंचकूला में DJ का काम करने वाले युवक की बोलेरो पिकअप गाड़ी दुकान के बाहर से चोरी कर ली गई। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें 3 युवक बाइक पर आकर गाड़ी चोरी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भट्ट मोहल्ला निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बरवाला में DJ का काम करता है। उसने काम के लिए महिंद्रा बोलेरो पिकअप रखी हुई है, जो उसके भाई जगमोहन के नाम पर है। रात के समय गाड़ी को अपनी दुकान के बाहर खड़ी कर गया था। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो गाड़ी वहां नहीं मिली। इसके बाद उसने दुकान पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में सामने आया कि रात करीब 2:27 बजे 3 अज्ञात युवक बाइक पर आए और गाड़ी चोरी कर फरार हो गए। गाड़ी पर लिखा है “KING DJ” पीड़ित के अनुसार, गाड़ी की बॉडी पर बड़े अक्षरों में अंग्रेजी में “KING DJ” लिखा हुआ है, जिससे उसकी पहचान आसानी से हो सकती है। उसने बताया कि आस-पास काफी तलाश के बावजूद गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग पाया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी बरवाला ने कार्रवाई करते हुए मामला थाना चंडी मंदिर में दर्ज कराया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। चोरों की तलशा कर रही पुलिस चंडी मंदिर थाना के जांच अधिकारी ASI रवि शेर ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू करने का दावा पुलिस ने किया है।
पंचकूला में 1 मिनट में गाड़ी ले गया चोर, VIDEO:दुकान के बाहर खड़ी थी बोलेरो पिकअप, बाइक पर आए थे 3 बदमाश
