यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां होंगी:योगी का ऐलान, लखनऊ में 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे

Spread the love

सीएम योगी ने मंगलवार को लखनऊ में ऐलान किया कि इस साल यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा- होमगार्ड, पुलिस और दरोगा के पदों पर भर्ती होगी। इसके साथ ही सीएम ने 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे। उनके साथ फोटो खिंचवाई। सीएम ने कहा- पिछले 9 सालों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बहुत सारे राज्यों की पुलिस बल की संख्या 2.20 लाख नहीं होगी। 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया। इसके चलते प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा- आज से 9 साल पहले एक संकट था। कहां ट्रेनिंग होगी? पहले एक बार में सिर्फ 3,000 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, लेकिन हालात अब बदल चुके हैं। साल 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती हुई। इन सभी को यूपी में ही एक साथ ट्रेनिंग दी गई। इससे साबित हुआ कि अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो परिणाम लाया जा सकता है।
‘अब नौकरी के लिए सिफारिश की जरूरत नहीं’
सीएम ने कहा- अभी परसों ही 60 हजार सिपाहियों का पासिंग आउट परेड 112 केंद्रों में हुआ। यानी एक साथ 60 हजार सिपाही यूपी पुलिस का हिस्सा बने, जो अब फील्ड में पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करेंगे। आपको देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस का हिस्सा बनने और उसकी दूरसंचार शाखा के माध्यम से 25 करोड़ की आबादी की सेवा करने का मौका मिला है। इस पूरी प्रक्रिया में आपने देखा होगा कि आप में से किसी को भी सिफारिश कराने की जरूरत नहीं पड़ी। न कोई सिफारिश, न कोई पैसा। आपकी योग्यता, आपकी क्षमता और आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया संपन्न की गई। परिणाम हम सबके सामने है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…