सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाहत जब कानून के डर पर हावी हो जाए, तो अंजाम कितना दुस्साहसिक हो सकता है, यह पानीपत में देखने को मिल रहा है। इंस्टाग्राम पर प्रमोशन के लिए पुलिस की गाड़ी के सामने स्टंट करने वाले आरोपी बाइक सेलर ने जमानत मिलते ही एक बार फिर पुलिस प्रशासन का मजाक उड़ाया है। आरोपी ने न केवल दोबारा स्टंट किया, बल्कि मीडिया को भी फ्री प्रमोशन के लिए ताना मारा है। पूरा मामला कुछ दिन पहले शुरू हुआ था, जब इंस्टाग्राम पर अपनी दुकान के प्रमोशन के लिए एक बाइक सेलर ने पुलिस की जिप्सी के सामने आग वाला स्टंट (फायर स्टंट) किया था। रील वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उसे मीडिया के सामने पेश किया गया, तो पुलिस ने उसके चेहरे पर काला कपड़ा लपेटा हुआ था। जमानत मिलते ही मीडिया को चिढ़ाया हैरानी की बात यह रही कि दो दिन पहले जैसे ही आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया, उसने वही काला कपड़ा दोबारा अपने चेहरे पर लपेट लिया। उसने मीडिया के कैमरों के सामने बड़े ही व्यंग्यात्मक लहजे में कहा- मेरी फ्री में इतनी पब्लिसिटी और प्रमोशन करने के लिए मीडिया का बहुत-बहुत धन्यवाद। आरोपी का यह अंदाज साफ तौर पर पुलिस कार्रवाई को ठेंगा दिखाने जैसा था। जमानत मिलते ही फिर किया स्टंट, वीडियो किया अपलोड आरोपी के हौसले इतने बुलंद हैं कि जमानत पर बाहर आने के चंद घंटों के भीतर ही उसने दोबारा बाइक स्टंट किया और उसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेखौफ होकर सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाता दिख रहा है। DSP बोले- स्टंटबाज का ये व्यवहार बर्दाश्त नहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पानीपत पुलिस अब दोबारा कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस स्टंटबाज के व्यवहार और कानून की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने सीआईए (CIA) के साथ-साथ अब साइबर सेल को भी इस मामले में एक्टिव कर दिया है। दोनों टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ जल्द ही दोबारा केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत पुलिस को चिढ़ाता दिखा स्टंटबाज बाइक सेलर:जमानत मिलते ही फिर किया स्टंट; कहा- जिनका नाम होता है, उनसे सब चिढ़ते हैं
