पापा ने मां की चुन्नी से ही उनका गला दबा दिया। हमें सोने के लिए दूसरे कमरे में भेज दिया। अगले दिन पापा, हमें सुबह घुमाने भी लेकर गए। घर वापस आकर देखा तो मां के शव के पास मक्खियां भिनक रही थीं। वहां से काफी बदबू आ रही थी। रात को पापा छोटे भाई के साथ मुझे लेकर थाने आ गए, वहां उन्होंने कहा- मैंने अपनी पत्नी को मार दिया। ये कहना है मृतका नीलम के आठ वर्षीय बेटे का। यमुनानगर के शादीपुर गांव में रविवार रात करीब 10 बजे काम से लौटे संतोष कुमार ने घर आते ही पत्नी से झगड़ा शुरू कर दिया। कहासुनी होने के बाद पत्नी की हत्या कर दी। बच्चों का कहना है कि पापा अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे। संतोष की गिरफ्तारी के बाद अभी दोनों बच्चों को (एक 8 साल और दूसरा बेटा 6 साल) बालकुंज में भेज दिया है। परिजनों के आने के बाद महिला का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। अब सिलसिलेवार पढ़िए…बच्चों ने क्या बताया मां के गले में चुन्नी डालकर खींचा मृतका नीलम (35) के बड़े बेटे ने बताया कि रविवार-सोमवार रात मैं और छोटा भाई मां के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब 10 बजे पापा (संतोष कुमार) फैक्ट्री से घर लौटे और आते ही मां के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। मां ने गुस्से में पापा के ऊपर पानी की बोतल फेंक दी, जिससे पापा और ज्यादा गुस्से में हो गए। इसके बाद पापा ने मां के गले में पड़ी चुन्नी को जोर से खींच दिया। उन्होंने हमें धमकाते हुए कहा- दूसरे कमरे में जाकर सो जाओ। हम दोनों दूसरे कमरे में चले गए। पापा ने कहा- तुम्हारी मां को मार दिया बड़े बेटे ने आगे बताया कि सुबह जब हम उठे तो घर में सन्नाटा पसरा हुआ था। पापा हमारे पास ही बैठे हुए थे। जब मैंने मां के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- मैंने तुम्हारी मां को मार दिया। उसका शव कमरे में पड़ा है। यह सुनकर हम सहम गए। डर के कारण कमरे के अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर पाए। इसके बाद पापा हमें बाहर घुमाने ले गए। पापा पूरे दिन हमें अलग- अलग जगह घुमाते रहे। रातभर मां के शव के पास बदबूं में बैठे छोटे बच्चे ने धीमी आवाज में बताया… सोमवार शाम जब हम वापस घर लौटे तो देखा कि मां के शव पर मक्खियां भिनभिना रही है। कमरे से बदबू आ रही है। इसके बाद पापा हमारे साथ उसी कमरे में बैठ गए, जहां मां का शव पड़ा था। रात को हमने खाना भी नहीं खाया। मुझे लगा कि मां उठ जाएगी। इसके बाद रात करीब 2 बजे पापा हमें लेकर पुलिस के पास (सदर थाने) आ गए। वहां पुलिसवालों से कुछ बातें करने लगे (हत्या कबूल की)। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पाल भिजवाया। आरोपी बोला- जो किया, सही किया हत्या के 24 घंटे बाद भी महिला का शव कमरे में पड़ा रहा, जबकि आरोपी पूरे दिन बच्चों को साथ लेकर घूमता रहा। हालांकि रात को अचानक वह खुद पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस अब जांच कर रही है कि आरोपी ने हत्या के बारे में किसी और भी बतया या सीधा थाने ही पहुंचा। पुलिस हिरासत में आरोपी संतोष कुमार ने कहा कि अगर किसी की पत्नी दूसरे व्यक्ति के साथ अवैध संबंध रखे तो आदमी और क्या करेगा, उसने जो किया वह सही किया। 13 साल पहले लव मैरिज, फिर यमुनानगर शिफ्ट नीलम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थी। उसने 2013 में गाजीपुर के संतोष से लव मैरिज की थी। शादी के करीब पांच साल बाद बड़ा बेटा हुआ। शादी के बाद दोनों यमुनानगर के शादीपुर गांव में किराए के मकान में रहने लगे। संतोष यमुनानगर में ही एक प्लाईवुड की फैक्ट्री में काम करता था। नीलम का बड़ा बेटा तीसरी और छोटा बेटा पहली कक्षा में पढ़ता है।
बच्चे बोले- पापा ने चुन्नी से मां का गला दबाया:सुबह यमुनानगर घुमाने ले गए, शव के पास मक्खियां भिनक रही थी, कमरे में बदबू थी
