हिसार के उकलाना क्षेत्र में हुई फायरिंग के मामले में भाजपा ने प्रदीप सोनी से पल्ला झाड़ लिया है। हिसार से भाजपा की जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ का कहना है कि प्रदीप सोनी भाजपा में नहीं हैं। सोमवार रात को दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी। प्रदीप सोनी ने फायरिंग की, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। शिकायत के आधार पर उकलाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रदीप सोनी का हिसार के अमरदीप अस्पताल में इलाज चल रहा है। आईसीयू के बाहर गार्ड लगाई गई है। दैनिक भास्कर से बातचीत में प्रदीप ने बताया था कि वह दो दिन पहले ही राजनीति में आया था और सीधे भाजपा जॉइन की थी। उसे शक है कि इसी कारण उस पर हमला हुआ है। पुलिस ने इस घटनाक्रम के बाद जांच के लिए SIT बना दी है। मुख्यमंत्री का कल उकलाना में दौरा भी है, इसलिए पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। प्रदीप की ज्वेलरी शॉप, शुभम ड्राइवर था उकलाना में वार्ड नंबर-3 के रहने वाले प्रदीप सोनी (42) पर गैंबलिंग एक्ट में 2 केस दर्ज हैं। उसकी उकलाना मंडी में ही ज्वेलरी शॉप है। प्रदीप के पिता और बड़े भाई मदन दुकान पर बैठते हैं। प्रदीप भी कभी-कभार दुकान पर बैठता था। वह शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। पहले वह राजनीति में सक्रिय नहीं था। उसका दावा है कि 2 मई को ही उसने भाजपा जॉइन की थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उकलाना में निकाय चुनाव होने के बावजूद प्रदीप सोनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल जमा क्यों नहीं कराई। प्रदीप ने बताया कि उसने आत्मरक्षा में लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई। जिस युवक शुभम की मौत हुई है, वह ड्राइवर था। इस पूरे विवाद में तीसरा नाम दर्प उर्फ बेदी का है। आरोप है कि उसने ही प्रदीप पर हमला करने के लिए युवक भेजे थे। कन्फेक्शनरी मालिक ने पूरी घटना बताई… अब जानिए FIR में क्या…. सदलपुर के मुकेश ने शिकायत दी उकलाना थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि सदलपुर निवासी मुकेश कुमार उर्फ मुक्की की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उसने बताया कि चार मई की रात को वह अपने साथियों शुभम, विवेक उर्फ जतिन, सुग्रीव, पवन, सोनू और मोनू के साथ बोलेरो गाड़ी नंबर HR20BD-6824 में अपने दोस्त दीपक उर्फ बेदी निवासी बुढ़ाखेड़ा से मिलने गया था। प्रदीप से बात करने गए तो फायरिंग की दीपक उर्फ बेदी ने उन्हें बताया कि प्रदीप सोनी उसे परेशान करता है। यह भी बताया कि प्रदीप एसबीआई बैंक के पास कन्फेक्शनरी की दुकान पर अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर गया है। इस पर वे सभी मौके पर पहुंचे और प्रदीप से बातचीत की। मगर, बातचीत में कहासुनी हो गई, जिस पर प्रदीप ने अपनी पिस्टल से उन सब पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान शुभम के सीने में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में थाना उकलाना में धारा 103, 109 बीएनएस तथा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी के निर्देशानुसार, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। टीम ने आरोपी प्रदीप को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ जारी है।
BJP बोली- हिसार में फायरिंग करने वाला हमारा नेता नहीं:पुलिस ने गिरफ्तार किया; बोला- भाजपा में आया, इसलिए मुझ पर हमला हुआ
