थार ने मां-5 साल की बेटी को कुचला, मौत:काशी में 200 मीटर घसीटा, गुस्साए लोगों ने पथराव किया; रिंग सेरमनी से लौट रही थीं

Spread the love

वाराणसी में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे थार सवारों ने बाइक सवार मां- मासूम बेटी और देवर को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी से लौट रही थी। हादसा शहर के मंडुवाडीह क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हुआ। टक्कर के बाद मां, बेटी और देवर बाइक समेत थार के बोनट में फंस गए। तीनों चीखते रहे, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि रफ्तार बढ़ा दी। 200 मीटर तक तीनों को घसीट ले गए। इसी दौरान बाइक फंसने के कारण थार के पहिए जाम हो गए।इसके बाद आरोपी थार छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने थार में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। 15 मिनट के भीतर मां-बेटी की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने थार में तोड़फोड़ की और पथराव किया। हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दो घंटे बाद पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए। हादसे से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए- पढ़िए पूरा मामला
मिर्जामुराद के बेनीपुर के रहने वाले मनोज सऊदी में जॉब करते हैं। उनकी पत्नी सोनी राजभर और बेटी आराध्या (5) गांव में रहती थीं। रविवार को सोनी की मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी थी। सोनी अपने देवर मनीष राजभर के साथ मोढैला गांव रिंग सेरेमनी में शामिल होने गई थीं। समारोह के बाद तीनों लोग बाइक से घर आ रहे थे। रात करीब 11:30 बजे भुलनपुर के पास होटल प्राइम लैंड के सामने थार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। बोनट में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया, मगर निकाल नहीं पाए। फिर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर 15 मिनट बाद मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मां-बेटी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों को बाहर निकाला। लहूलुहान हालत में मनीष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनीष के सिर और गर्दन पर गहरी चोटें आई हैं। प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस जब मां-बेटी के शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी तो लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बनाते हुए थार पर पथराव कर दिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने चार थानों की फोर्स बुलवाई। करीब दो घंटे तक हंगामा चला। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन माने। मां-बेटी के शवों का सोमवार दोपहर बाद शिवपुर में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
……………..
ये खबर भी पढ़िए- योगी मंत्रिमंडल में 6 नए मंत्री बने, 2 का प्रमोशन:शपथ के बाद राज्यपाल-सीएम के पैर छुए, कृष्णा पासवान ने जयश्रीराम के नारे लगाए यूपी की योगी कैबिनेट का आज दूसरी बार विस्तार हुआ। 2 कैबिनेट और 4 राज्यमंत्री मिलाकर 6 नए सदस्य शामिल हुए। वहीं 2 राज्य मंत्रियों को प्रमोशन देकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया।पढ़ें पूरी खबर