हरियाणा में लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने नेताओं, मीडिया विंग और प्रवक्ताओं को नई धार देने की तैयारी में है। पार्टी के नेताओं और प्रवक्ताओं को प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए आज चंडीगढ़ में एक विशेष ट्रेनिंग सेशन आयोजित किया जा रहा है। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित इस ट्रेनिंग सेशन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे। इस कार्यशाला के सबसे मुख्य आकर्षण भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी होंगे। अपनी तार्किक और प्रखर शैली के लिए मशहूर सुधांशु त्रिवेदी हरियाणा के प्रवक्ताओं को डिबेट्स और सार्वजनिक मंचों पर विपक्ष को घेरने के गुर सिखाएंगे। इसलिए पार्टी ने बुलाया ट्रेनिंग सेशन बीजेपी के इस ट्रेनिंग सेशन में बेहतर कम्युनिकेशन के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इस नए ‘संचार प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के तहत उन्हें न केवल पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी, बल्कि यह भी बताया जाएगा कि कब, क्या और कैसे बोलना है, ताकी वे विवादित बयान देने और मुसीबत में पड़ने से बच सकें। यह ट्रेनिंग नेताओं को ये सबक देगी कि उन्हें सार्वजनिक मंचों पर कैसे बयान देना है और किन मुद्दों पर बोलना है और किन पर नहीं। अनुशासन का भी पढ़ाया जाएगा पाठ अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, कैंप के दौरान पार्टी के सीनियर नेता, कुछ राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा मीडिया एवं कम्युनिकेशन एक्सपर्ट्स भी अलग-अलग सत्रों में BJP नेताओं का मार्ग दर्शन करेंगे। साथ ही वे उन्हें अनुशासन बनाए रखने की भी तालीम देंगे, जिससे पार्टी और उनकी अपनी छवि पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। पहले भी बुलाए जा चुके ट्रेनिंग सेशन हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली ने बताया कि यह पहली बार ट्रेनिंग सेशन नहीं बुलाया गया है। इससे पहले पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए ट्रेनिंग सेशन आयोजित करती रही है। इन ट्रेनिंग सेशन में पार्टी के मुख्य वक्ता नई अपग्रेड फैक्ट्स को सामने रखती है और उनका कड़ाई से पालन करने की भी सलाह देती है, जिसके कारण समाज में कार्यकर्ताओं और नेताओं के द्वारा सकारात्मक संदेश दिया जा सके।
हरियाणा में आज भाजपा नेताओं-प्रवक्ताओं को विशेष ट्रेनिंग:चंडीगढ़ में CM करेंगे सेशन का उद्घाटन; सुधांशु त्रिवेदी मुख्य वक्ता, जेटली भी रहेंगे मौजूद
