सिरसा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार के एचटीएम थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नेहरा सिंह को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई इंस्पेक्टर सत्यवान के नेतृत्व में दोपहर करीब 3 बजे की गई। टीम ने थाने के नजदीक ही चाय की दुकान के पास एसआई को दबोच रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि एसआई नेहरा सिंह ने थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी पक्ष को फायदा पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। इस पर शिवनगर निवासी सोमनाथ ने एसीबी में शिकायत दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही एसआई ने पैसे जेब में डाले, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। फिलहाल एसीबी टीम मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुराने केस से जुड़ा है रिश्वत का मामला जिस केस में रिश्वत मांगी गई, वह हिसार की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मीरा देवी की शिकायत से जुड़ा है। मीरा देवी ने सोमनाथ और शुभम पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने के आरोप लगाए थे। शिकायत के अनुसार, सोमनाथ ने मीरा देवी से 70 हजार रुपए के बदले सोने के गहने गिरवी रखवाए थे, लेकिन पैसे लौटाने के बावजूद गहने वापस नहीं किए। आरोप है कि बाद में ज्यादा ब्याज मांगकर उसे परेशान किया गया। इसी तरह शुभम पर भी आरोप है कि उसने करीब 1.20 लाख रुपए के बदले मीरा देवी की बेटी के गहने गिरवी रखे और पूरी रकम ब्याज सहित लौटाने के बाद भी जेवरात वापस नहीं किए। धमकी और ब्लैकमेल के भी आरोप मीरा देवी ने अपनी शिकायत में कहा था कि जब उन्होंने गहने वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उनकी गरीबी और अनपढ़ता का फायदा उठाकर गहने हड़प लिए गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था और जांच शुरू की गई थी। जांच में फायदा पहुंचाने के लिए मांगी घूस सूत्रों के अनुसार, इसी केस में आरोपी सोमनाथ को राहत देने और जांच को प्रभावित करने के लिए एसआई नेहरा सिंह ने 7 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्लान बनाकर ट्रैप लगाया और आरोपी पुलिसकर्मी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति भी शामिल है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और एसीबी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिसार में रिश्वत लेता SI गिरफ्तार:सिरसा ACB ने ₹7 हजार के साथ रंगे हाथ पकड़ा, एचटीएम थाने में तैनात था
