कैथल शहर में एक कार बेकाबू होकर सड़क के साथ लगती ड्रेन में पलट गई। हादसे में करीब 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक कार सीखने के लिए ड्रेन के साथ बनी सड़क पर गाड़ी लेकर गया था। जैसे ही गाड़ी लेकर अंबाला रोड से खुराना रोड के बीच के रास्ते पर पहुंचा, तो कार अचानक बेकाबू हो गई और करीब 20 फीट गहरी ड्रेन में जा गिरी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने जैसे ही घटना को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। वहां से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अकेला गाड़ी लेकर निकला था मृतक युवक की पहचान अंबाला रोड पर झुग्गियों में रहने वाले राहुल के रूप में हुई है। युवक अकेला ही गाड़ी लेकर घर से निकला था। अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मां उसे दादा दादी के पास छोड़कर कहीं ओर चली गई। इस समय वह दादा दादी के पास ही रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने की इत्तेफाकिया कार्रवाई उसने कुछ दिन पहले ही मजदूरी के पैसे जोड़कर पुरानी कार ली थी। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
कैथल की ड्रेन में बेकाबू होकर गिरी कार:युवक की मौत, सीखने के लिए अकेला लेकर गया था गाड़ी
