रोहतक प्रवेश मर्डर- पति-जेठ की दो-दो शादियां हुईं:दोनों भाइयों पर पहली पत्नियों के गला घोंटने-जलाने के आरोप, गिरफ्तार भी हुए, कोर्ट ने बरी किए

Spread the love

रोहतक के रिठाल गांव में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका प्रवेश के पति सुखबीर और उसके जेठ जसबीर, दोनों की दो-दो शादियां हो चुकी हैं। प्रवेश सुखबीर की दूसरी पत्नी थी, जबकि उसकी पहली पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। इस मामले में सुखबीर, जसबीर और इनके पिता रणधीर जेल भी गए थे, हालांकि बाद में तीनों कोर्ट से बरी हो गए। वहीं, जसबीर की पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसमें उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में वह बरी हो गया। गांव में उसकी दूसरी पत्नी की मौत को लेकर भी चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस के पास इसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल आरोपी जसबीर फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की पांच टीमें जुटी हुई हैं। जसबीर ने 19 अप्रैल को दरात से वार कर प्रवेश की हत्या कर दी थी। जसबीर, प्रवेश के पड़ोसियों के घर पर लेडीज संगीत में डांस करने से नाराज था। दोनों भाइयों की दो शादियों के बारे में जानिए… 2003 में जसबीर पर पहली पत्नी की मौत पुलिस के मुताबिक, जसबीर की शादी सोनीपत की रहने वाली एक युवती से हुई थी। अप्रैल 2003 में उसकी पत्नी की मौत हो गई। जसबीर पर ही गला घोंटने के आरोप लगे। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कुछ समय जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गया और अक्टूबर 2004 में कोर्ट ने उसे इस मामले में बरी कर दिया। सुखबीर की पहली पत्नी की जलकर मौत हुई जसबीर के छोटे भाई सुखबीर की पहली शादी जींद की एक युवती से हुई थी, जिसकी बाद में जलकर मौत हो गई। इस मामले में भी जसबीर की संलिप्तता के आरोप लगे। युवती के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने सुखबीर, जसबीर और उनके पिता रणधीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। अगस्त 2008 में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कुछ समय बाद वे जमानत पर बाहर आ गए। करीब एक साल बाद, यानी 2009 में, कोर्ट ने तीनों को इस मामले में भी बरी कर दिया। ग्रामीण बोले- जसबीर की दूसरी पत्नी की भी हत्या हुई एक ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जसबीर ने दूसरी शादी भी की थी। उसकी पत्नी छह माह की गर्भवती थी, लेकिन उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ और आरोप है कि परिवार ने इसे दबा दिया। 2010 में सुखबीर की दूसरी शादी हुई साल 2010 में सुखबीर की शादी गद्दी खेड़ी निवासी प्रवेश के साथ हुई। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। प्रवेश के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे परेशान करने लगा था। इस मामले में कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन बेटी का घर बसाने की उम्मीद में परिजन हर बार उसे ससुराल वापस भेज देते थे। प्रवेश का भाई बोला- दूसरी शादी का पता था प्रवेश के चचेरे भाई राकेश ने दैनिक भास्कर को बताया कि जब हमने प्रवेश का रिश्ता सुखबीर के साथ तय किया तो उन्हें यही पता चला था कि उसकी पहली पत्नी की मौत जलकर हुई है। बाद में पता चला कि इसमें सुखबीर, जसबीर और रणधीर भी शामिल थे। जसबीर की भी दूसरी शादी हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। अब जानिए प्रवेश की हत्या कैसे हुई… डांस करने को लेकर हत्या की गद्दी खेड़ी गांव निवासी सोमदास ने बताया कि उनकी बहन प्रवेश की शादी 16 साल पहले रिठाल गांव के सुखबीर के साथ हुई थी। उसका पति सुखबीर खेती करता है। 19 अप्रैल की रात प्रवेश के पड़ोस में लेडीज संगीत का कार्यक्रम था, जहां उसने डांस किया। घर लौटने पर उसके जेठ जसबीर ने दरांत से उस पर बेरहमी से वार कर उसकी हत्या कर दी। भांजे ने मामा को फोन कर सूचना दी सोमदास ने आगे बताया कि रात करीब दस बजे भांजे हितेश ने फोन कर सूचना दी कि उसकी मां जमीन पर खून से लथपथ पड़ी है और ताऊ जसबीर उस पर हमला कर फरार हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग प्रवेश को लेकर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भात में न जाने को लेकर धमकी दी थी चचेरे भाई राकेश ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत प्रवेश की हत्या की। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को परिवार को सोनीपत में भात भरने जाना था। उस समय जसबीर ने प्रवेश को जाने से मना करते हुए धमकी दी थी कि अगर वह गई तो उसे जान से मार देगा। इसके बावजूद प्रवेश वहां गई, जिससे जसबीर रंजिश रखे हुए था। राकेश ने कहा कि प्रवेश को बेहद बेरहमी से मारा गया, इस तरह तो कोई मुर्गे को भी नहीं काटता। SHO बोले- 5 टीमें आरोपी की तलाश कर रही सदर थाना SHO सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रिठाल फोगाट गांव में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस जल्द ही आरोपी जसबीर को काबू कर लेगी। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।