सोनीपत में रोडवेज ड्राइवर-कंडक्टर ने ई-रिक्शा चालक को पीटा:वीडियो आया सामने, थप्पड़-मुक्के बरसाए; कर्मचारी बोला- शराब के नशे में था रिक्शा ड्राइवर

Spread the love

सोनीपत शहर के गांधी चौक पर दिनदहाड़े मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हरियाणा रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने एक ई-रिक्शा चालक को सड़क पर ही पकड़कर बेरहमी से पीटा। पूरी घटना का 39 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें ड्राइवर को जबरदस्ती बस में डालने की कोशिश, जमीन पर गिराकर लगातार थप्पड़-मुक्के बरसाना और गर्दन दबाना साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंडक्टर द्वारा कुछ ही सेकेंड में कई वार किए जाते हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन मारपीट रुकती नहीं। आरोप है कि ई-रिक्शा ड्राइवर नशे में था और बस के आगे वाहन खड़ा कर जाम लगा रहा था, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वही मामले में अभी किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। गांधी चौक पर जाम बना विवाद कंडक्टर सुधीर के अनुसार, वे पानीपत से बस लेकर सोनीपत पहुंचे थे और सुबह करीब 11 बजे गांधी चौक पर एक ई-रिक्शा ड्राइवर ने बस के आगे अपना वाहन खड़ा कर दिया। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। कई बार कहने के बावजूद उसने ई-रिक्शा नहीं हटाया, जिससे विवाद शुरू हो गया। रॉड से हमला करने का आरोप रोडवेज कर्मियों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में था और समझाने पर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने दोबारा ई-रिक्शा स्टार्ट कर बस के आगे लगा दिया और लोहे की राड लेकर हमला करने की कोशिश की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बस में डालकर पुलिस को सौंपने की कोशिश का दावा कंडक्टर सुधीर ने बताया कि उन्होंने चालक को काबू में कर बस में बैठाकर पुलिस के हवाले करने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार विरोध करता रहा। इसी दौरान मामला हाथापाई में बदल गया। वीडियो में क्या दिखा: 39 सेकेंड में मारपीट की पूरी टाइमलाइन वायरल 39 सेकेंड के वीडियो में घटनाक्रम बेहद स्पष्ट और चौंकाने वाला है। 0–6 सेकेंड: ड्राइवर रामकरण ई-रिक्शा चालक की टांग पकड़ता है, कंडक्टर सुधीर पीछे से पकड़कर उसे बस में डालने की कोशिश करता है।
6–10 सेकेंड: दोनों उसे जबरदस्ती बस में चढ़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन असफल रहते हैं और वह नीचे गिर जाता है।
10–20 सेकेंड: कंडक्टर अचानक आक्रामक हो जाता है और थप्पड़ मारना शुरू कर देता है।
20–34 सेकेंड: इस दौरान करीब 6 जोरदार थप्पड़ और मुक्के मारे जाते हैं, साथ ही ड्राइवर की गर्दन दबाई जाती है।
34–39 सेकेंड: ड्राइवर जमीन पर गिरा रहता है, खुद को बचाने के लिए कंडक्टर की टांग पकड़ता है, लेकिन उसे फिर से गिराकर चेहरे और गर्दन पर वार किए जाते हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि एक बुजुर्ग महिला और एक युवक बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कंडक्टर नहीं रुकता और लगातार वार करता रहता है। अंत में दोनों उसे छोड़ देते हैं, जिसके बाद ई-रिक्शा चालक लड़खड़ाते हुए खड़ा होता नजर आता है। बस स्टैंड पर भी हंगामे का आरोप रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि घटना के बाद भी ई-रिक्शा ड्राइवर बस स्टैंड पर पहुंचा और वहां भी हंगामा करता रहा। उसने पत्थरबाजी की कोशिश की, जिसके चलते डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।