करनाल के सूरज हत्याकांड में खुलासा:रिमांड पर आरोपी बोला- भाई की मौत का बदला लिया; दो अवैध पिस्टल बरामद

Spread the love

करनाल जिले के गोंदर गांव में पुरानी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में खुद को कोर्ट में पेश करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ में सामने आया है कि हत्या बदले की भावना से की गई थी। पुलिस ने आरोपी से हथियार भी बरामद किए हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी से दो अवैध पिस्टल बरामद निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी कुलदीप को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने भाई कपिल की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से दो अवैध पिस्टल भी बरामद की हैं। अब उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ जारी है। एसपी करनाल के मार्गदर्शन में सीआईए और निसिंग पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। शाम 6:20 बजे बाइक पर पहुंचे बदमाश गोंदर गांव के शुभम ने शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। उसका छोटा भाई सूरज 18 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे बाइक लेकर गांव में किसी काम से गया था। करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि गोंदर चौक से गांव की तरफ आने वाली गली में लाला सुमेर चंद की दुकान के पास सूरज को गोली मार दी गई है। मौके पर कई गोलियां लगी मिली शुभम ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर उसके पिता कर्मबीर सिंह और अन्य ग्रामीण मौजूद थे। वहां पता चला कि पुरानी रंजिश के चलते गुरप्रीत, कुलदीप, अनुराग, विक्रम और मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत सूरज पर गोलियां चलाईं। तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने के बाद गांव डाचर की तरफ फरार हो गए, जबकि अन्य आरोपी गांव के अंदर अपने मोहल्ले में छिप गए। 8 महीने पहले जमानत पर आया था सूरज परिजनों के अनुसार सूरज के पिता कर्मबीर सिंह एक राइस मिल में काम करते हैं। वर्ष 2019 में गांव में हुए एक झगड़े के दौरान कपिल नामक युवक की हत्या हो गई थी, जिसमें सूरज का नाम भी सामने आया था। इस मामले में सूरज सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सूरज करीब 8 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई। गुरुद्वारा चौक पर लगाया जाम घटना के बाद परिजन देर रात शव को गांव गोंदर ले आए। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर निसिंग पहुंचे और कैथल रोड पर गुरुद्वारा चौक के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर निसिंग थाना पुलिस और डीएसपी गोरखपाल राणा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पिता ने लगाए गंभीर आरोप सूरज के पिता कर्मबीर सिंह ने आरोप लगाया कि 6 साल पहले जिस युवक की हत्या हुई थी, उस मामले के आरोपियों को प्रशासन ने हथियारों के लाइसेंस दे रखे हैं। उन्होंने कहा कि बदमाश गांव में खुलेआम दहशत फैलाते हैं और उनके समाज के बच्चों का निकलना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने मांग की कि सूरज की हत्या करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए। परिवार की सुरक्षा और मुआवजे की मांग कर्मबीर सिंह ने कहा कि कपिल मर्डर केस में जो युवक जेल में बंद हैं, उन्हें रिहा किया जाए। साथ ही उनके परिवार के 7-8 बच्चों को जान से मारने की धमकी मिल रही है, इसलिए उन्हें भी हथियारों के लाइसेंस दिए जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग भी की गई है। पुलिस प्रशासन ने परिजनों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।