जबलपुर में BSF के रिटायर्ड जवान ने की खुदकुशी:लिखा- जिंदगी का सफर यहीं तक था; फोन में मिला महिला का धमकी भरा ऑडियो

Spread the love

मैं अपनी जिंदगी का सफर तय करते-करते अब थक गया हूं। परेशान हो गया हूं। अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। इसका जिम्मेदार मैं स्वयं हूं। यह लिखकर बीएसएफ से रिटायर्ड 69 वर्षीय शिवकुमार श्रीवास्तव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपने और थाना प्रभारी से किसी को परेशान नहीं करने का अनुरोध किया। घटना कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़न की है। बुधवार सुबह शिवकुमार का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई पूजा उपाध्याय ने टीम के साथ शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन में एक महिला का ऑडियो मिला है। इन्हें जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। भेड़ाघाट के रहने वाले थे शिवकुमार शिवकुमार मूलत: भेड़ाघाट के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले वह परिवार के साथ कूड़न गांव में रहने आए थे। परिवार में बेटा और बहू हैं। उन्होंने लंबे समय तक बीएसएफ में सेवा दी और देश के अलग-अलग राज्यों में पदस्थ रहे। सेवानिवृत्ति के बाद वह जबलपुर में रहने लगे थे। रात में खाना खाकर कमरे में चले गए मंगलवार रात वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में चले गए। बताया जा रहा है कि देर रात तक जाग रहे थे। बुधवार सुबह टहलने के लिए बाहर नहीं निकलने पर बेटे और बहू ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसी भी पहुंच गए। दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फंदे पर लटके मिले। महिला के ऑडियो की जांच में जुटी पुलिस कटंगी पुलिस अब उस महिला की पहचान करने में जुटी है, जिसकी आवाज मोबाइल में मिले ऑडियो में सुनाई दे रही है। पुलिस दोनों के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है। ऑडियो में महिला कथित तौर पर कह रही है, “कितने दिन फोन बंद करके रखेगा। अपने आपको बहुत होशियार समझ रहा है। कभी तो फोन खोलेगा। उसको घर से निकालकर मारूंगी। अभी तक बोल रहा था कि मैं सुसाइड कर रहा हूं। अभी तक तो नहीं किया, लेकिन अब जरूर करना पड़ेगा। ऐसी बेइज्जती करूंगी कि उसे सुसाइड ही करना पड़ेगा।” पुलिस बोली- ऑडियो की जांच जारी एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शिवकुमार के मोबाइल फोन में एक महिला का ऑडियो मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।