स्कूल में शराब पीते पकड़े गए PT टीचर-लैब असिस्टेंट:फरीदाबाद में कोल्ड ड्रिंक में मिला रखी थी; प्रिंसिपल से धक्का-मुक्की कर उन पर बोतल उंडेली

Spread the love

फरीदाबाद के एक सरकारी स्कूल में पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट शराब पीते हुए पकड़े गए। किसी को शक न हो, इसलिए दोनों ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाई हुई थी। शक होने पर प्रिंसिपल ने जब उनके बैग की जांच की, तो उसमें शराब की दो बोतलें बरामद हुईं। प्रिंसिपल ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। उनका आरोप है कि विरोध करने पर पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान लैब असिस्टेंट ने शराब की बोतल उनके ऊपर उंडेल दी। मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और चंदावली चौकी में दी गई है। वहीं, दूसरी ओर स्कूल की ग्राम सभा ने दोनों के स्कूल में प्रवेश पर रोक लगा दी है। जानिए कार्यकारी प्रिंसिपल ने क्या बताया…. स्पोर्ट्स रूम में शराब पी रहे थे गांव सोतई स्थित गवर्नमेंट हाई स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल डॉ. अशोक बामनिया ने बताया कि वे जनवरी 2023 से स्कूल में कार्यरत हैं। शुक्रवार को करीब 1 बजे वे स्कूल का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान जब वे स्कूल के पीछे बने स्पोर्ट्स रूम में पहुंचे, तो वहां पीटी टीचर रामजीत और लैब असिस्टेंट जितेंद्र शराब पीते हुए मिले। शराब की बोतल ऊपर उंडेली उन्होंने बताया कि पूरे कमरे में शराब की बदबू फैली हुई थी। दोनों ने गिलासों में कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर रखी हुई थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और मौके से शराब की बोतल उठाने की कोशिश की, तो जितेंद्र ने उनके ऊपर आधी भरी बोतल उंडेल दी। बैग में दो शराब की बोतलें मिलीं बामनिया ने बताया कि उन्होंने वहां रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें शराब की दो बोतलें मिलीं—एक पूरी भरी हुई और एक आधी भरी हुई। इसके बाद उन्होंने पूरे स्टाफ को मौके पर बुलाकर स्थिति दिखाई। उन्होंने बताया कि रामजीत एचकेआरएन के माध्यम से करीब डेढ़ साल पहले स्कूल में नियुक्त हुआ था, जबकि लैब असिस्टेंट जितेंद्र काफी समय से स्कूल में कार्यरत है। दोनों ही कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट (संविदा) पर कार्यरत हैं। डिप्टी DEO बोले- कमेटी बनाकर जांच करेंगे डिप्टी DEO संदेश सोलंकी ने कहा कि डॉ. अशोक बामनिया की शिकायत मिली है। सोमवार को कमेटी बनाकर जांच की जाएगी। वहीं सदर थाना प्रभारी समेर सिंह ने बताया कि डॉ. अशोक बामनिया स्टाफ के साथ शिकायत देकर गए हैं। शिक्षा विभाग की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।