अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव (23) को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को कानपुर-प्रतापगढ़ में FIR दर्ज हुई। कानपुर में भारत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव और प्रतापगढ़ में शीतला सुजान कवि नाम की आईडी पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर अदिति के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। इसलिए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को X पर लिखा- अदिति मेरी भी बेटी है। आप पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं। जिसने भी ऐसी हरकत की, वह शर्मनाक है। लेकिन अखिलेश अपनी गिरेबान में झांके। मेरे और मेरे परिजनों के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं। गारंटी से कह सकता हूं कि यह घटिया हरकत करने वालों में कोई सपाई ही होगा। इधर, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने आपत्तिजनक पोस्टों पर आपत्ति जताई है। कहा- सपा प्रमुख की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक बातें फैलाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर है। समाज को ऐसे गलत कामों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। मामले की जांच की जाए। वहीं, अदिति के दिल्ली कॉलेज के एक जूनियर आदर्श यादव ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी है। उन्होंने कहा- इन मूर्खों को पता नहीं है कि बड़ी बहन अदिति यादव लंदन कॉलेज यूनिवर्सिटी में नहीं, बल्कि दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। राजभर बोले- बेटी, आप पर की गई टिप्पणी से हम शर्मिंदा अब दोनों FIR के बारे में पढ़िए कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव ने कराई FIR, बोले- अखिलेश के परिवार की छवि धूमिल हुई
कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद तीनों के खिलाफ महिला की छवि धूमिल करने, छवि खराब करने के इरादे से धोखाधड़ी और जालसाजी करने तथा आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रवीण यादव ने एफआईआर में लिखा- सोशल मीडिया पर भरत कुमार पटेल नाम की आईडी से अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। भरत कुमार पटेल ने अपनी आईडी से लिखा कि अखिलेश यादव यहां राम मंदिर में 7 करोड़ की चोरी की बात कर रहे हैं, उधर उनकी बेटी, जो लंदन में पढ़ाई कर रही हैं, कुछ दिनों से लापता हैं। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अदिति और एक अज्ञात व्यक्ति की फोटो एडिट करके लगाई है, जो पूरी तरह से फर्जी तरीके से तैयार की गई है। किसी सम्मानित परिवार की बेटी का चरित्रहनन करना और उसे सोशल मीडिया पर चलाकर बदनाम करना गंभीर अपराध है। इस पोस्ट से समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई है। इससे समाज में काफी रोष है। इस पोस्ट पर नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव ने भी बहुत गंदे कमेंट किए हैं। तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रतापगढ़ में सपा के महासचिव ने शिकायत दर्ज कराई, कहा- सख्त कार्रवाई हो
प्रतापगढ़ में सपा के महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने एफआईआर में लिखा है कि फेसबुक पर “शीतला सुजान कवि पत्रकार” नाम की एक फर्जी आईडी से अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के बारे में गलत और आपत्तिजनक बातें फैलाई जा रही हैं। इन पोस्टों में निजी आरोप लगाए गए हैं, जिससे एक महिला की गरिमा, सम्मान और छवि को नुकसान पहुंच सकता है। इससे समाज में भ्रम फैल सकता है और सामाजिक सौहार्द भी बिगड़ सकता है। इसलिए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। अदिति के जूनियर ने लिखा- खबरें पूरी तरह असत्य हैं
अदिति के दिल्ली कॉलेज के एक जूनियर आदर्श यादव ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी है। आदर्श ने लिखा है कि RSS का उपजाया ब्राह्मण-बनिया अपग्रेडेड मनुवादी हैं। राम मंदिर में हुई चोरी को छिपाने के लिए ये इतनी नीच हरकत कर सकते हैं, इसका कोई अंदाजा नहीं है। ये मूर्ख बड़ी बहन अदिति यादव के संबंध में घटिया टिप्पणियां कर रहे हैं, जिनका आधार लंदन कॉलेज यूनिवर्सिटी में टीका है। लेकिन इन मूर्खों को पता नहीं है कि पिछले एक साल से अदिति दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी से लॉ ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं। इन दिनों सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं और जैसा कि मैं भी लॉ फैकल्टी में उनका बैचमेट हूं, हर परीक्षा के बाद मुलाकात होती है। अदिति अपने दादा मुलायम सिंह और पिता अखिलेश यादव से विरासत में मिले संस्कार और नैतिकता को पूरी तरह आत्मसात करती हैं। सभी बच्चों से मिलना और उन्हें सम्मान देना उनकी रोज की आदत है। उनके गायब होने की फर्जी खबरें पूरी तरह असत्य हैं। मैं प्रतिदिन का प्रत्यक्षदर्शी हूं। अदिति यादव पर आपत्तिजनक पोस्ट पर किसने क्या कहा, पढ़िए ———————— ये खबर भी पढ़िए-
जज ने पूछा-छूटोगे तो क्या करोगे, बोला- हत्या करूंगा:गाजीपुर कोर्ट ने हत्यारे को फांसी की सजा सुनाई, कहा- मरते दम तक लटकाना गाजीपुर में 4 साल के भांजे की गला काटकर हत्या करने वाले मामा अमजद खान को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। पीड़ित पक्ष के वकील अखिलेश सिंह ने बताया, गुरुवार को फैसला सुनाने से पहले जज शक्ति सिंह ने हत्यारे मामा से पूछा- अगर तुमको छोड़ दिया गया तो क्या करोगे? दोषी अमजद खान बोला- अगर कोई मुझसे उलझेगा तो मैं उसकी भी हत्या कर दूंगा। पढ़िए पूरी खबर
अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट, 4 पर FIR:राजभर बोले- अदिति मेरी भी बेटी, लेकिन अखिलेश अपनी गिरेबान में झांके
