कोलकाता की सरकारी बिल्डिंग में आग, 4 हजार EVM जलीं:मंत्री बोले- 10 सीटों पर इस्तेमाल हुईं, साजिश की आशंका; TMC, AAP बोली- भाजपा जवाब दे

Spread the love

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक सरकारी बिल्डिंग में आग लगने से करीब 4 हजार EVM जल गईं। ये मशीनें इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर इस्तेमाल की गई थीं। घटना के बाद TMC ने चुनाव आयोग से सवाल किए हैं। वहीं, कांग्रेस और AAP ने भी सरकार से जवाब मांगा है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। बिल्डिंग में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद समेत कई सरकारी दफ्तर हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 24 घंटे लगे। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि आग सामान्य नहीं लगती। FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। TMC बोली- चुनाव आयोग हमेशा सवालों से नहीं बच सकता TMC ने X पर आग का वीडियो शेयर कर लिखा, “चुनाव आयोग हमेशा सवालों से बच नहीं सकता। EVM और CCTV फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए पहले अदालत का दरवाजा खटखटाया गया था। फिर ऐसी घटना कैसे हो गई? क्या यह सिर्फ एक हादसा था या अहम सबूतों को मिटाने की सुनियोजित कोशिश?” TMC ने दावा किया कि आग में नष्ट हुई मशीनें कस्बा, जादवपुर, बेहाला ईस्ट, बेहाला वेस्ट, मेटियाबुरुज, सतगछिया और डायमंड हार्बर सब-डिवीजन की कई विधानसभा सीटों से जुड़ी थीं। कांग्रेस ने कहा- सरकार और चुनाव आयोग को यह साफ करना चाहिए कि आग कैसे लगी और नौवीं-दसवीं मंजिल तक कैसे पहुंची? AAP ने कहा- आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक सरकारी भवन में इतनी भीषण आग लग गई? आग कैसे लगी, और हजोरों EVM इस आग की चपेट में कैसे आ गईं, भाजपा जवाब दे? मंत्री बोले- साजिश की आशंका से इनकार नहीं कर सकते पश्चिम बंगाल के दमकल और आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले दूसरी और तीसरी मंजिल पर दिखी थी। इसके बाद यह सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को ज्यादा नुकसान पहुंचे बिना आग ऊपर कैसे पहुंच गई? जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि साजिश की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। BJP नेता राकेश सिंह ने इसे सुनियोजित घटना बताया है। हालांकि, अब तक इन दावों के समर्थन में कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है। FIR दर्ज, फॉरेंसिक जांच शुरू दक्षिण 24 परगना प्रशासन की शिकायत पर अलीपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आग की वजह तलाश रही है। अभी यह साफ नहीं है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से। फॉरेंसिक टीम मौके से नमूने जुटाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग हादसा थी या किसी ने जानबूझकर लगाई थी। ———— ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली के तुगलकाबाद में बिल्डिंग में आग, 3 मौतें:6 झुलसे, पार्किंग में टू-व्हीलर में आग लगी, 5वीं मंजिल तक फैली; छत के रास्ते रेस्क्यू दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक युवक और दो महिलाएं हैं। 6 लोगों को बचाया गया है, सभी अस्पताल में भर्ती हैं। पूरी खबर पढ़ें…