national · पश्चिम बंगाल
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

Heavy Rain Alert: उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तटों के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) अब अधिक प्रभावी और तेज हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस मौसमी तंत्र (Weather System) के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भीषण बारिश की आशंका जतायी गयी है. मौसम विभाग ने तटीय व मैदानी इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है. पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठा यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में और अधिक तीव्र (More Marked) हो सकता है. मयूरभंज, बालासोर और तटीय ओडिशा के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. बुढाबलंग और जालका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालत की संभावना है.
बंगाल के इन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और कोलकाता सहित गांगेय पश्चिम बंगाल के जिलों में भारी से अति भारी बारिश (Heavy to Very Heavy Rain) होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: मौसम विभाग का अलर्ट : दक्षिण बंगाल में कमजोर पड़ा डीप डिप्रेशन, फिर भी जारी रहेगा बारिश का दौर
झारखंड, छत्तीसगढ़ व एमपी में भी दिखेगा प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, यह निम्न दबाव प्रणाली पश्चिम बंगाल से होकर झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी. दोनों राज्यों के कई जिलों में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है. मानसून ट्रफ लाइन के सक्रिय होने के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गयी है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन का असर : पश्चिम बंगाल में मूसलाधार वर्षा, पश्चिमी मेदिनीपुर और बांकुड़ा में रेड अलर्ट
समुद्र में उठेंगी लहरें, मछुआरों के लिए एडवाइजरी
तटीय क्षेत्रों में हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी. इसकी रफ्तार 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. इसलिए मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह (Advisory) दी है. संबंधित राज्यों को सलाह दी गयी है कि वे संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखें. निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की भी सलाह दी गयी है.