national · पश्चिम बंगाल
वंदे मातरम् के अपमान का मामला : सोनिया गांधी के खिलाफ भड़का आक्रोश, बंगाल समेत देश भर में प्रदर्शन

Protest Against Sonia Gandhi on Vande Mataram Row: वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने पश्चिम बंगाल समेत देश भर में प्रदर्शन शुरू कर दिया है. राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के वंशज सुमित्रो चटर्जी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोनिया गांधी से राष्ट्रगीत का अपमान करने के लिए माफी की मांग की है. हालांकि, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने सफ कर दिया है कि सोनिया गांधी माफी नहीं मांगेंगीं.
सोनिया गांधी ने बीच में रुकवाया वंदे मातरम् का गायन
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत को सोनिया गांधी द्वारा बीच में रुकवाये जाने से आक्रोशित भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल के साथ-साथ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों में भी कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
सिलीगुड़ी में भाजयुमो ने निकाला मशाल जुलूस
उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में भाजयुमो ने मशाल जुलूस का आयोजन किया. हाथों में मशाल लिये भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के खिलाफ भी नारेबाजी की.
कोलकाता में भाजयुमो ने किया मार्च
राजधानी कोलकाता में राज्य के मंत्री इंद्रनील खां के नेतृत्व में भाजयुमो ने मार्च निकाला. इंद्रनील खां ने कहा कि यह मार्च सोनिया गांधी और राहुल गांधी के द्वारा राष्ट्रगाण वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में है.
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम विवाद : बंकिम चंद्र के वंशज ने सोनिया गांधी से की बिना शर्त माफी की मांग, शुभेंदु बोले- यह राष्ट्रवाद का अपमान
मिथुन चक्रवर्ती बोले- वंदे मातरम् देश का प्राण, जन गण मन देश की आत्मा
कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के कथित अपमान के बारे में पत्रकारों ने कोलकाता में भाजपा के वरिष्ठ नेता और बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती से प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने कहा- वंदे मातरम् देश का प्राण है. जन गण मन हमारे देश की आत्मा है. इसके बारे में हम इससे ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे.
पुरुलिया के रघुनाथपुर में भाजपा का विरोध मार्च
पुरुलिया जिले के रघुनाथपुर शहर में भी रविवार शाम को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला. शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए यह मार्च खुदीराम मोड़ पहुंचा, जहां भाजपा की ओर से विरोध सभा का आयोजन हुआ. सभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों की निंदा की और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम् के ‘अपमान’ पर राजनीति गरमायी : शुभेंदु बोले- पूरा बंगाल आक्रोशित, राशिद अल्वी ने राष्ट्रगीत को बताया ‘मजहबी’
सोनिया गांधी माफी मांगें, बंगाल में आक्रोश : शुभेंदु
इससे पहले वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के वंशज सुमित्रो चटर्जी ने सोनिया गांधी को एक चिट्ठी लिखकर उनसे बिना शर्त माफी मांगने की अपील की. बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सोनिया गांधी ने जो किया, वह राष्ट्रगीत और उसके रचयिता दोनों का अपमान है. इसके लिए कांग्रेस नेता को माफी मांगनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी ने जो किया, उससे पूरा पश्चिम बंगाल आक्रोशित है.
राशिद अल्वी बोले- सोनिया के माफी मांगने का सवाल ही नहीं
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने कहा है कि सोनिया गांधी के माफी मांगने का सवाल ही नहीं है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से बड़ी देशभक्त हैं. अल्वी ने कहा कि महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर ने 1937 में वंदे मातरम् के 2 स्ट्रैंजा को ही अडॉप्ट किया था. अल्वी के मुताबिक, गांधी और टैगोर दोनों का मानना था कि इसके बाद के जो हिस्से हैं, वे मजहबी हैं, धार्मिक हैं.