फैमिली आईडी में मुस्लिम महिला का पति हिंदू दिखाया:करनाल में 70 साल की महिला का राशन बंद, बेटी के नौकरी के फॉर्म हो रहे रिजेक्ट

Spread the love

हरियाणा के करनाल में फैमिली आईडी में बुजुर्ग मुस्लिम महिला का पति हिंदू दिखा दिया गया। 70 साल की मुस्लिम महिला के पति की मौत करीब 20 साल पहले हो चुकी है। लेकिन गलत एंट्री के कारण उसका राशन कार्ड काट दिया गया। महिला ने बताया कि गलत नाम जुड़ने की वजह से उसका राशन कार्ड करीब 11 महीने पहले कट गया। पहले वह सरकारी राशन से अपना घर चला रही थी, लेकिन अब उसे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुजारे के लिए उसने एक गाय पाल रखी है और उसका दूध बेचकर किसी तरह घर चला रही है। उधर, अधिकारियों का कहना है कि मामला जांच के अधीन है और जल्द ही लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर एक्शन होगा। राशन कार्ड कटा, घर चलाना मुश्किल हुआ दरअसल, मामला करनाल के चांद सराए कॉलोनी का है। 70 वर्षीय रहीसा ने बताया कि उसके पति नसीर का निधन करीब 20 साल पहले हो चुका है। इसके बावजूद उसकी फैमिली आईडी में रणधीर नाम के व्यक्ति को उसका पति दिखा दिया गया है। रहीसा का कहना है कि वह मुस्लिम है, जबकि रणधीर हिंदू है और वह इस व्यक्ति को जानती तक नहीं है। इस तरह की विभागीय लापरवाही के चलते अब उसे परेशानियां उठानी पड़ रही है। दफ्तरों के चक्कर, लेकिन समाधान नहीं बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह इस गलती को ठीक करवाने के लिए कई दफ्तरों के चक्कर काट चुकी है। पहले वह एडीसी दफ्तर गई, जहां से उसे बिजली दफ्तर भेज दिया गया। वहां से अटल सेवा केंद्र भेजा गया, लेकिन किसी ने भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। बेटी के नौकरी के नौकरी के फॉर्म हो रहे रिजेक्ट रहीसा की बेटी सानिया ने भी कई जगह नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन फैमिली आईडी में गड़बड़ी के कारण उसके फॉर्म रिजेक्ट हो रहे हैं। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उसकी फैमिली आईडी की गलती को ठीक किया जाए, ताकि उसे राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं मिल सकें।