रीदाबाद में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बंदर-भालू गैंग के तीन आरोपियों का सिर मुंडवाकर इलाके में उनकी पैदल परेड निकाली। इस कार्रवाई का मकसद लोगों के दिलों से अपराधियों का डर खत्म करना और कानून का संदेश देना बताया जा रहा है। 17 अप्रैल को की थी वारदात यह मामला 17 अप्रैल का है, जब बल्लभगढ़ की भुद्दत कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण नामक युवक पर 4-5 बदमाशों ने घर के पास हमला कर दिया था। आरोपियों ने युवक पर हथौड़े और डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दोनों पैर टूट गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि हमले के पीछे बंदर-भालू गैंग का हाथ है। गैंग के मुख्य आरोपी बंदर उर्फ विजेंद्र और भालू उर्फ बलराज बताए जा रहे हैं। इनके साथ उनके भतीजे हर्ष, सेबिन और आर्यन भी इस हमले में शामिल थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह पूरा मामला जमीन के विवाद को लेकर हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने प्रवीण पर हमला किया और उसे हथौड़े से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। भुद्दत कॉलोनी में परेड निकाली क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही करवाई गई। इसके बाद पुलिस ने उनका सिर मुंडवाकर उसी इलाके में परेड निकाली, जहां वारदात हुई थी। पुलिस आरोपियों को उस स्थान पर लेकर पहुंची जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था और उनसे घटनास्थल की निशानदेही भी करवाई। 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज पुलिस के अनुसार दोनों मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। सिटी थाना प्रभारी शमशेर सिंह का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य साफ है-अपराधियों में कानून का डर कायम करना और आम जनता में विश्वास बढ़ाना। वहीं, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
फरीदाबाद में बदमाशों का सिर मुंडवाकर पुलिस ने निकाली परेड:बंदर-भालू गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार, युवक पर हथौड़े से किया था हमला
