बुलंदशहर में मंगलवार को 2 नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर व्यापारी की हत्या कर दी। इलेक्ट्रिक स्कूटी से आए बदमाशों ने व्यापारी के सिर और गर्दन में गोली मारी। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। व्यापारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, बदमाश गोलियां बरसाने के बाद मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ ही दूरी पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। बदमाशों से हुई छीना-झपटी में पुलिसवालों को भी चोट लग गई। घरवालों के मुताबिक, व्यापारी का एक महीने पहले एक हत्या के मामले में नाम आया था। मामला गुलावठी थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला हापुड़ के रहने वाले रोहताश कुमार (45) ने 1 जून को बुलंदशहर के गुलावठी शहर में गोपाल पेट्रोल पंप के सामने दुकान खोली थी। इसमें इलेक्ट्रिक स्कूटी, इन्वर्टर और बैटरी बेचते थे। मंगलवार शाम 5 बजे रोहताश अपने शोरूम में काम करने वाले सौरभ के साथ बैठे थे। तभी 2 नकाबपोश बदमाश अचानक दुकान में घुस गए। रोहताश को देखते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 4-5 राउंड फायरिंग की। गोली रोहताश के सिर और गर्दन में लग गई, जिससे वह घायल होकर नीचे गिर पड़े। फायरिंग की आवाज पर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। घायल रोहताश को सीएचसी ले गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ा गोलियां चलाने के बाद दोनों बदमाश वहां से भाग निकले। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही गुलावठी कोतवाल संजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ दूर पीछा करके दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस की बदमाशों से छीना-झपटी भी हुई। कोतवाल धर्मेंद्र शर्मा को हाथ में हल्की चोटें भी आईं। सीओ दीपक तिवारी ने भी घटनास्थल का दौरा कर जानकारी ली। पत्नी रेखा ने बताया- रोहताश का जनवरी में अपने पैतृक गांव पारपा में रहने वाले एक दूसरे परिवार से पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके चलते एक व्यक्ति की हत्या भी हुई थी, जिसमें रोहताश जेल गए थे। जमानत के बाद वह रोहताश जेल से बाहर आए थे। नौकर बोला- सिर और गर्दन में लगी गोली रोहताश की दुकान पर काम करने वाले सौरभ ने बताया- मालिक दुकान पर बैठे थे। तभी अचानक दो लोग मुंह ढंककर आए और उन्हें गोली मार दी। उनकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। सीएचसी के डॉक्टर अरुण कुमार ने बताया- व्यापारी के सिर और गर्दन में गोली लगी थी। रोहताश की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रोहताश एक हत्या मामले में जेल गया था। कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसी घटना से दो लोगों ने रोहताश की गोली मारकर हत्या कर दी। शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल असलहे बरामद कर लिए गए हैं। ———————— ये खबर भी पढ़ें लखनऊ आग- बेटे की लाश देखकर पिता बेहोश, बहन चीख-चीखकर रोई, कई बच्चों ने घर पर आखिरी कॉल किया लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 15 लोगों की जान चली गई। शवों का सोमवार देर रात करीब 7 घंटे तक पोस्टमॉर्टम चला। इस दौरान शवों से निकला खून नालियों से बहकर बाहर आ गया। यह देखकर वहां मौजूद परिजन सहम गए और रोने लगे। बेटे नीलेश की लाश देखकर पिता बेहोश हो गए। बहन चीख-चीखकर रो पड़ी। फिर स्ट्रैचर पर लेटे पिता से लिपटकर बोली- ‘मेरा भाई चला गया। पापा… उठ जाओ।’ पूरी खबर पढ़ें
बुलंदशहर में दुकान में घुसकर व्यापारी की हत्या:सिर और गर्दन में गोली मारी, भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा
