यूपी में पेट्रोल-पंपों पर लाइनें, बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पहुंचे लोग:मंत्री बोले- संकट है, फिर भी राहुल गांधी 100 गाड़ियां लेकर चल रहे

Spread the love

यूपी में एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें दिखने लगी हैं। लगातार दूसरे दिन बुधवार को कुशीनगर, सोनभद्र, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया और बस्ती में कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया। हालांकि, तेल कंपनियों और अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। महराजगंज में 149 पेट्रोल पंपों में से सिर्फ 20 पर ही तेल मिल रहा है। इसके चलते जिले में ईंधन की किल्लत हो गई है। लोग बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पंपों पर पहुंच रहे हैं। लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। किसान देर रात में ही पंपों पर पहुंच गए थे। पंप पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे तेजू यादव ने बताया कि वह सुबह 4 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन तेल मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसा ही हाल कुशीनगर और गोरखपुर में भी देखने को मिला। यहां भी पेट्रोल पंपों पर लाइनें लगी हैं। बस्ती में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर सीमा तय कर दी गई है। बाइक सवारों को 200 रुपए और कार सवारों को 1000 रुपए तक का ही ईंधन दिया जा रहा है। खाद्य एवं रसद नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जितनी आवश्यकता हो, उतना ही तेल भरवाएं और जमाखोरी न करें। पेट्रोल-डीजल का वैश्विक संकट चल रहा है। इसके बावजूद राहुल गांधी रायबरेली में 100 गाड़ियों का काफिला लेकर चल रहे हैं। ऐसे समय में उन्हें राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में काम करना चाहिए। यूपी के राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने बताया- पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी नहीं है। स्टॉक भी पर्याप्त है। आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। टर्मिनलों और डिपो से रिटेल आउटलेट्स तक लगातार सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
पेट्रोल-डीजल किल्लत की तस्वीरें देखिए- पेट्रोल-डीजल की बढ़ीं कीमतों और पंपों पर भीड़ से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….