फतेहाबाद जिले के टोहाना में चंडीगढ़ रोड पर शुक्रवार को ई-रिक्शा और ऑटो ड्राइवरों के बीच सवारियों को लेकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट के बाद आक्रोशित ई-रिक्शा ड्राइवरों ने चंडीगढ़ रोड जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा कर जाम खुलवाया। मारपीट में डांगरा निवासी ई-रिक्शा ड्राइवर जनक घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जनक पिछले सवा साल से ई-रिक्शा चला रहा है। ई-रिक्शा प्रधान टीटू ने बताया कि नए बस स्टैंड पर जगह को लेकर ऑटो और ई-रिक्शा ड्राइवरों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए रोडवेज विभाग को कई बार पत्र लिखे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने समझा कर भीड़ को हटाया टीटू के अनुसार, शुक्रवार को जनक सवारियां लेकर जा रहा था, तभी यूनियन बैंक के पास ऑटो ड्राइवर सीताराम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई की। ई-रिक्शा ड्राइवरों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम किया था। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर भीड़ को हटाया। साथियों ने उसे बुरी तरह पीटा घायल जनक ने आरोप लगाया कि सीताराम और उसके साथियों ने उसे बुरी तरह पीटा है। उसने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें अस्पताल से घटना की सूचना मिली है। एक जांच अधिकारी मौके पर भेजा जाएगा और घायल के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी हो चुका दोनों पक्षों में विवाद बता दें कि इससे पहले रेलवे स्टेशन पर भी दोनों पक्षों के बीच इसी तरह का विवाद हुआ था। उस समय रेलवे विभाग ने उचित व्यवस्था करके विवाद को सुलझाया था, लेकिन नए बस स्टैंड पर स्थिति अभी भी वैसी ही बनी हुई है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि तीन लोग एक व्यक्ति को पकड़कर लाठी-डंडों और लोहे की राड से पीट रहे हैं। जिसके बाद भीड़ जमा हो गई और विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। विवाद नहीं सुलझने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शा ड्राइवरों को समझा कर जाम खुलवाया।
टोहाना में ई-रिक्शा और ऑटो ड्राइवरों में जमकर चले डंडे:सवारियों को लेकर विवाद, चंडीगढ़ रोड किया जाम; पुलिस ने खुलवाया
