महेंद्रगढ़ में निजी बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट:शराब के नशे में बोलेरो सवार ने रोका रास्ता; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Spread the love

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में प्राइवेट बस ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना नारनौल-दादरी रूट पर चलने वाली एक निजी बस में हुई। आरोप है कि शराब के नशे में एक युवक ने नांगल सिरोही के पास बोलेरो गाड़ी लगाकर बस का रास्ता रोका और ड्राइवर व कंडक्टर के साथ मारपीट की। घटना के बाद बस को महेंद्रगढ़ सदर थाना लाया गया, जहां पुलिस को शिकायत दी गई और घायलों का मेडिकल करवाया गया। बस कंडक्टर भूपेश ने बताया कि बस नारनौल से दादरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान नांगल सिरोही के पास एक बोलेरो ड्राइवर ने अचानक बस के आगे गाड़ी लगाकर ब्रेक मार दी। इससे बस ड्राइवर को अचानक बस रोकनी पड़ी। शराब के नशे में था युवक आरोप है कि युवक शराब के नशे में था और उसने ड्राइवर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की। घटना के दौरान बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। मारपीट और हंगामे के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री डर के कारण बस से नीचे उतर गए। भूपेश के अनुसार आरोपी युवक ने कुछ दूरी आगे जाकर दोबारा बस के आगे बोलेरो लगाकर बस को रोक लिया और फिर हमला कर दिया। बस को ले गए थाने बस कर्मचारियों ने बताया कि मामले की सूचना डायल 112 पर देने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को सीधे महेंद्रगढ़ सदर थाना लेकर पहुंचे। वहां पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। मामले की जांच में जुटी पुलिस इस बारे में पुलिस पीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को ड्राइवर की ओर से शिकायत मिली थी। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।