करनाल में पैसों के लेनदेन में दो पक्ष भिड़े:लाठी-डंडे और पत्थर बरसाए; 5 लोग घायल, एक-दूसरे को ईंटें मारते दिखे

Spread the love

करनाल के इंद्री क्षेत्र में वार्ड नंबर-10 स्थित झुग्गियों में रहने वाले मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर जोरदार झगड़ा हो गया। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों के साथ आमने-सामने आ गए। इस झड़प में दोनों तरफ से करीब 5-6 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल इंद्री में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है। लेन-देन के विवाद से बढ़ा मामला पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 10 में मुस्लिम समुदाय (शेख) समाज के लोग झुग्गियों में रहते हैं। एक पक्ष की गुड्डी और दूसरे पक्ष के राशिद के बीच पैसों का लेन-देन चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। इस झगड़े में बाबू अली, नन्हा अली, जलपाना, कातिशा व शहजान को गंभीर चोटें आई है। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग इकट्ठे हो गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके साथ ही ईंट-पत्थर भी जमकर चले। आसपास मौजूद लोगों ने हालात बिगड़ते देख तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया नियंत्रण सूचना मिलते ही ईआरवी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया। इस दौरान दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो चुके थे, जिन्हें लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का वीडियो भी आया सामने घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी भी लोगों को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू घायलों का अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। इंद्री थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पैसों का विवाद था, जिसके चलते झगड़ा हुआ। फिलहाल, दोनों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।