इंदौर के नवलखा चौराहे के पास एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने उसे सरेआम पीटते हुए सड़क पर घसीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया है। पीड़िता ने भंवरकुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मयूर नगर, मुसाखेड़ी निवासी सीमा चौहान (28) ने शिकायत दर्ज कराई कि रुपए के विवाद को लेकर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवक ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी राहुल का आरोप है कि युवती उसके पैसे नहीं लौटा रही थी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे थाने भेजा गया। महिला की रिपोर्ट पर भंवरकुआ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 428/2026 धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया। मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को पकड़ा मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष दूधी ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी आधार पर आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कृत्य पर माफी भी मांगी है। फिलहाल उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। गंगवाल बस स्टैंड पर दो पक्षों में मारपीट गंगवाल बस स्टैंड पर रविवार शाम दो बाइक टकराने के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। यहां पुलिस ने तीन लड़कों को पकड़ा लिया। उन्हें थाने ले जाया गया। जहां पर अभी पर कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर में युवती से सरेआम मारपीट:पैसों के विवाद में युवक ने सड़क पर घसीटा, वीडियो वायरल; शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी
