यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में आज सुबह एक युवक का शव उसके घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी सूरज (27) के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने पर छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्च्युरी में भिजवा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुबह चार बजे घर के आंगन में मृत पाया मृतक की बहन सरोज ने बताया कि सूरज की शादी साल 2022 में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें तीन साल की एक बेटी और तीन माह का बेटा शामिल है। सरोज के अनुसार, आज सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई की मौत हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि राहुल का शव घर के आंगन में पड़ा हुआ था और घर का सामान भी बिखरा हुआ था। पूछताछ करने पर सूरज की पत्नी ने बताया कि रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद वह बच्चों को लेकर कमरे में सोने चली गई। पत्नी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे जब वह कमरे से बाहर निकली तो राहुल आंगन में पड़ा मिला और उसकी मौत हो चुकी थी। बहन बोली- शरीर पर निशान मिले बहन सरोज ने आरोप लगाया कि रात को हुए झगड़े की जानकारी उन्हें नहीं दी गई और न ही सुबह राहुल की मौत के बारे में परिवार को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों के माध्यम से उन्हें घटना का पता चला, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। मृतक की बहन सरोज का कहना है कि सूरज के शरीर पर कुछ निशान भी मिले हैं, जिससे उन्हें उसकी मौत संदिग्ध लग रही है। इसी आधार पर उन्होंने छछरौली थाना पुलिस को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यमुनानगर में घर के आंगन में मिला पति का शव:रात को पत्नी के साथ हुआ झगड़ा, 2 बच्चों का पिता था, बहन बोली-शरीर पर निशान मिले
