मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 6 जिंदा जले:ट्रक की टक्कर से बोलेरो में आग लगी, लोग गाड़ी से निकल भी नहीं सके

Spread the love

मिर्जापुर में बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें 6 लोग जिंदा जल गए। दरअसल, मध्यप्रदेश से चना लादकर आ रहे एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह बेकाबू हो गया। ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे के बाद बोलेरो धू-धू कर जलने लगी। मामला ड्रमडगंज थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोगों की मौत होने की आशंका है। हालांकि, उसमें सवार लोगों की संख्या अभी साफ नहीं हो सकी है। बोलेरो जिगना थाना क्षेत्र के हाटा की बताई जा रही है। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तेज आग होने से राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ है। सीएम योगी ने इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। हादसे की 3 तस्वीरें अब जानिए पूरी घटना मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात साढ़े 9 बजे बड़का मोड़ से एक ट्रक चना लादकर जा रहा था। अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। इसी बीच एक बोलेरो भी ढलान से नीचे उतर रही थी। तभी बेकाबू ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग लगने से बोलेरो में सवार सभी यात्री अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए। लेकिन, तेज आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और लालगंज और हलिया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। फिलहाल, पुलिस शवों की शिनाख्त करने में जुटी है। खबर अपडेट की जा रही है…