भाजपा नेता और परिवार पहचान पत्र स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला ने कहा- चाहे लड़का हो, या लड़की, हम कुंवारों को पेंशन देंगे। विधायक बिमला चौधरी कह रही है कि सारे कुंवारों का ब्याह करावैगी। ब्याह की गारंटी उसकी है, अर पेंशन की मेरी। कोई रह जाओ, तो मुझे बुला लियो। खोला शुक्रवार को रेवाड़ी में निकाय चुनाव के लिए एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुंवारों की पेंशन को लेकर बयान दिया। इससे पहले गुरुवार को पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने रेवाड़ी में एक चुनावी सभा में युवाओं की शादी कराने की बात कही थी। पहले 2 पॉइंट में पढ़िए, सतीश ने क्या कहा… प्रदेश में करीब सवा लाख कुंवारे हरियाणा में 45 साल या उससे ऊपर के करीब 93 हजार 218 कुंवारे लड़के और 31 हजार 953 लड़कियां हैं। कुल 1 लाख 25 हजार 171 कुंवारे महिला-पुरुष इसके पात्र है। जिस परिवार की पेंशन 1.80 लाख सालाना है, और उस परिवार में अविवाहित लड़का या लड़की है, उन्हीं परिवारों ये पेंशन मिलती है। भाजपा विधायक बोलीं- युवाओं की शादी कराउंगी एक दिन पहले ही रेवाड़ी में हुई जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक विमला चौधरी ने कहा था कि मैं पलवल की बेटी हूं। पलवल में हमने रेवाड़ी, रामपुरा, बिजलीघर के युवाओं की शादी कराई है। अब कोई कुंवारा नहीं रहेगा। पहले वोट करो, फिर अपनी शादी करवाओ। मीडिया कर्मियों के एक सवाल का जवाब देते हुए विमला ने कहा था कि चेयरपर्सन तो हमारी जीतेगी ही, लेकिन युवाओं की शादी भी होगी। मैंने 36 बिरादरी से वोट मांगी है, हमने यहां लड़कों की शादी कराई हैं। मैंने अपना समझकर वोट मांगी हैं, पलवल में कई शादियां कराई हैं। धनखड़ भी दे चुके-कुंवारों की शादी कराने का बयान इससे पहले BJP नेता ओमप्रकाश धनखड़ भी ऐसे ही बयान को लेकर सुर्खियों में रहे थे। तब उन्होंने कहा था-अगर हरियाणा में बीजेपी की सरकार आती है, तो राज्य का कोई भी नौजवान कुंवारा नहीं रहेगा और वह बिहार से लड़कियां लाकर उनकी शादी रचाएंगे। साल 2014 में उस वक्त भाजपा पहली बार हरियाणा की सत्ता में आने के लिए संघर्ष कर रही थी। तब प्रदेश के इतिहास में पहली बार भाजपा को बहुमत मिला। हरियाणा से बिहार तक विवाद बढ़ने पर धनखड़ को सफाई देनी पड़ी थी कि उनकी मंशा सम्मानित तरीके से शादी और उन्हें सुरक्षा देने को लेकर था, जिसे गलत तरीके से पेश किया। ————– यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा BJP विधायक बोलीं- वोट दो, शादी करवाऊंगी,VIDEO: चेयरपर्सन प्रत्याशी की सभा में कहा- रेवाड़ी में कोई कुंवारा नहीं रहेगा; मंत्री आरती राव ने भी ली चुटकी हरियाणा में BJP की विधायक बिमला चौधरी रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव में ‘वोट दो और शादी करवाओ’ का अनोखा वादा करके चर्चा में आ गईं। चेयरपर्सन पद की भाजपा उम्मीदवार विनीता पीपल के समर्थन में जनसभा के दौरान विधायक ने ये वादा किया। (पूरी खबर पढ़ें)
हरियाणा BJP नेता बोले-ब्याह की गारंटी MLA बिमला,पेंशन की मेरी:जो बचेगा, सबको पेंशन देंगे; विधायक बोल चुकीं- पहले वोट करो, फिर शादी करवाओ
