60 हजार रुपए के लालच ने बनाया शूटर:यमुनानगर में पूर्व सरपंच के घर फायरिंग केस, सोशल मीडिया से जुड़े थे नोनी राणा गैंग से

Spread the love

यमुनानगर जिले के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी अमन से पूछताछ में सामने आया है कि उसे इस वारदात को अंजाम देने के लिए 60 हजार रुपए का लालच दिया गया था। इसी लालच में आकर उसने अपने गांव के ही दो अन्य दोस्तों को भी इस फायरिंग में शामिल कर लिया था। सूत्रों के अनुसार तीनों युवकों से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया गया था। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर नोनी राणा गैंग से जुड़े लोगों ने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पहले इन युवकों से बातचीत शुरू की। इसके बाद फिर उन्हें पैसों का लालच देकर वारदात के लिए तैयार किया। बकायदा इंस्टाग्राम मैसेज में फायरिंग के निर्देश दिए गए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि युवकों को वारदात से पहले कौन-कौन निर्देश दे रहा था और उनके संपर्क किन गैंग सदस्यों से थे। वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। फिर से किसी वारदात को अंजाम देने आया था गौरतलब है कि गांव भूरे का माजरा में 25-26 अप्रैल की रात पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बंद पड़े मकान पर बदमाशों ने 16 से 17 राउंड फायरिंग की थी। उसी दौरान मकान के सामने रहने वाला उसका साला अंकित गोलियों की आवाज सुनकर बाहर निकला तो बदमाशों ने उसकी तरफ भी फायरिंग की थी, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस को मंगलवार रात बड़ी सफलता मिली, जब सीआईए-2 और थाना छप्पर पुलिस ने गांव कुलपुर के पास मुठभेड़ के दौरान आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा है। सूचना के बाद जिले में सीलिंग प्लान लागू कर नाकाबंदी की गई। आरोपी के पैर में लगी गोली पुलिस टीम ने जब कुलपुर गांव के पास संदिग्ध युवक को घेरने का प्रयास किया तो उसने पल्सर बाइक पर भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों तरफ से करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक गोली सब इंस्पेक्टर रोहन की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी अमन के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। बाइक पर गुर्जर का स्टीकर लगा हुआ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है। खास बात यह है कि बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। बाइक पर “गुर्जर” नाम का स्टीकर लगा हुआ मिला है। पुलिस अब बाइक की असली पहचान और उसके मालिक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अमन निवासी गांव गोयल खुर्द, जिला पानीपत का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। पुलिस का मानना है कि गैंगस्टर नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए ऐसे युवकों को अपने जाल में फंसा रहा है, जिनका पहले कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड नहीं होता। पैसों और गैंगस्टर लाइफस्टाइल का लालच देकर उन्हें वारदातों में इस्तेमाल किया जा रहा है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही नोनी राणा और काला राणा गैंग से जुड़े नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी, गैंगवार और आपसी रंजिश के एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही है। क्योंकि जिस पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग हुई थी, वह खुद भी पहले से एक बड़े ठगी मामले में फरार बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे केवल दहशत फैलाना मकसद था या इसके पीछे कोई बड़ा गैंगवार कनेक्शन भी छिपा हुआ है।