गुरुग्राम में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित झुग्गी बस्ती में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह है कि देखते ही देखते उसने सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। इस आग में कई लोगों के फंसे होने की आंशका है। हालांकि, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की तरफ से अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। जानकारी के अनुसार, आग लगने की शुरुआत एक झुग्गी से हुई, जिसने तेज हवा के कारण मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि कई झुग्गियों में रखे छोटे गैस सिलेंडरों में हुए धमाकों ने आग को और अधिक भड़का दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। संकरा रास्ता होने के कारण फायर टेंडर्स को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य में जुटी हैं।
गुरुग्राम में झुग्गियां में लगी आग:गैस सिलेंडरों में धमाका, तेज हवा से दूर तक फैली; कई लोगों के फंसने की आशंका
