फतेहाबाद की जाखल पुलिस पर मारपीट का आरोप:एसपी व मानवाधिकार आयोग को भेजी शिकायत; बोले-झूठे केस में फंसाने की धमकी दी

Spread the love

फतेहाबाद के जाखल शहर में एक युवक ने स्थानीय पुलिस पर मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकाने का आरोप लगाया है। युवक ने इस संबंध में फतेहाबाद की एसपी, हरियाणा के डीजीपी और हरियाणा राज्य मानवाधिकार आयोग को शिकायत भेजी है। शिकायत करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। जाखल निवासी शिकायतकर्ता अंकुश ने आरोप लगाया है कि 6 मई की शाम पुलिसकर्मी उसके रिश्तेदार गौरव और उसकी माता सुनीता रानी को पूछताछ के लिए जाखल थाने ले गए थे। जब परिवार के सदस्य थाने पहुंचे और जानकारी लेनी चाही, तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। अंकुश का आरोप है कि थाना परिसर में उसके चाचा सतीश कुमार के साथ मारपीट की गई और विरोध करने पर उसे भी थप्पड़ मारा गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिवार के लोगों को कुछ समय तक एक कमरे में बैठाए रखा गया और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। गालियां दी गई। धक्काशाही की गई। थाना परिसर की सीसीटीवी सुरक्षित रखने की मांग शिकायतकर्ता अंकुश ने बताया कि उसने अपना मेडिकल करवाया है। उसने पूरे मामले की जांच के लिए थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी बोले-सारे आरोप बेबुनियाद वहीं, जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने लगाए गए सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि पुलिस मौके पर केवल आपसी विवाद शांत करवाने पहुंची थी और किसी के साथ मारपीट या अभद्र व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।